Tuesday, February 10, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलबहराइचBahraich News:क्राप कटिंग के लिए ग्राम नगरौर पहुंचे डीएम

Bahraich News:क्राप कटिंग के लिए ग्राम नगरौर पहुंचे डीएम

संवाददाता

बहराइच। जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने विकास खण्ड चित्तौरा के ग्राम नगरौर के किसान मोहम्मद अहमद, शमीम अहमद, मोहम्मद मुस्तकीम तथा गंगाराम के खेत पर जाकर धान की क्राप कटिंग करायी। मोहम्मद अहमद के खेत में 16 कि.ग्रा., शमीम अहमद के खेत में 16.500 कि.ग्रा., मुस्तकीम के खेत में 22 किग्रा व गंगाराम के खेत में 17.500 कि.ग्रा. ऊपज प्राप्त हुई। इस प्रकार चारों किसानों के एक बिसवा में औसतन 18 किग्रा (औसत उपज 43.22 कुण्टल प्रति हेक्टेयर) धान की ऊपज प्राप्त हुई। क्राप कटिंग के अवसर पर जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने जिला सांख्यिकीय अधिकारी नरेन्द्र कुमार गुप्ता को निर्देश दिया कि जनपद के बीमित कृषकों को नियमानुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाये। गुप्ता ने जिलाधिकारी को बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत जनपद में खरीफ 2020-21 में कुल 51119 कृषकों ने फसल बीमा कराया है जिसमें गैर ऋणी किसानों की संख्या 263 है। वर्तमान वर्ष में उपज में कमी होने के कारण सभी बीमित कृषकों को फसल बीमा का लाभ दिलाया जायेगा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत गत वर्ष खरीफ 2019 में 9170 बीमित कृषकां को कुल 05 करोड़ 48 लाख रूपये क्षतिपूर्ति के रूप में प्रदान किये गये। इसी प्रकार रबी 2019-20 में 9444 बीमित कृषकों को कुल 04 करोड़ 58 लाख रूपये क्षतिपूर्ति के रूप में प्रदान किये गये। श्री गुप्ता ने यह भी बताया कि वर्तमान मौसम में क्राप कटिंग का शत-प्रतिशत कार्य भारत सरकार द्वारा विकसित किये गये सी.सी.ई. एग्री एैप के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग के क्षेत्रीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सी.सी.ई. एग्री एैप डाउनलोड करके 396 स्मार्ट फोन का वितरण किया गया है। क्राप कटिंग के पश्चात राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा डाटा लोड करते ही सम्बन्धित डाटा एैप के माध्यम से सीधे राजस्व परिषद को पहुॅच जाता है। सी.सी.ई. एग्री एैप के माध्यम से जनपद में शत-प्रतिशत हो रहे क्राप कटिंग कार्य पर जिलाधिकारी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे लोगों में क्राप कटिंग के प्रति विश्वसनीयता बढ़ेगी तथा इस कार्य में पारदर्शिता भी आयेगी।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि अपने खेतों में पराली न जलाये। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही की जायेगी साथ ही किसानों को अपने नजदीक के क्रय केन्द्र पर धान बेचने को कहा। जिससे उनको फसल का बेहतर मूल्य मिल सके। इस मौके पर उन्होंने यह भी अपील की कि किसान अपनी फसल को बिचैलियों के माध्यम से कभी न बेचें बल्कि धान क्रय केन्द्रों पर बिक्री करें। क्राप कटिंग के अवसर पर मौजूद प्रधान प्रतिनिधि व कृषकों से जिलाधिकारी श्री कुमार ने अपील की कि कोविड-19 के संक्रमण से बचाव के दृष्टिगत खेती किसानी के कार्य में पूरी सावधानी बरतें तथा सोशल डिस्टेंसिंग का भी अनुपालन करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर बहराइच सौरभ गंगवार आईएएस, तहसीलदार राज कुमार बैठा, डिप्टी आरएमओ संजीव कुमार सिंह, राजस्व निरीक्षक राधेश्याम यादव, क्षेत्रीय लेखपाल महेन्द्र चन्द्र शुक्ला, प्रधान प्रतिनिधि खतीब अहमद तथा एग्री कल्चर इन्शोरेंन्स कम्पनी के जिला प्रबन्धक आदेश श्रीवास्तव व सम्बन्धित कृषक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular