Monday, March 23, 2026
Homeउत्तर प्रदेश834 कार्डों में एक भी नहीं पाया गया पात्र, राशन की होगी...

834 कार्डों में एक भी नहीं पाया गया पात्र, राशन की होगी रिकवरी

– सभी कार्डधारक लाखों का बेचते थे अनाज, मुफ्त में लेते थे राशन

कानपुर (हि.स.)। जनपद में मुफ्त का राशन लेने के लिए उन किसानों में भी होड़ मच गई जो लाखों रुपये का अनाज बेचते हैं। ऐसे 834 किसानों ने खाद्य आपूर्ति विभाग से सेटिंग कर राशन कार्ड बनवा लिया और राशन लेते रहे, लेकिन खाद्य आयुक्त की जांच में पकड़ में आ गये और जब विभाग ने जांच कराई तो एक भी कार्ड धारक किसान पात्र नहीं पाया है। इन सभी के राशन कार्ड निरस्त कर दिये गये हैं और रिकवरी के लिए शासन के आदेश का इंतजार किया जा रहा है।

शादी अनुदान और पारिवारिक लाभ योजना में हुए घोटाले के बाद राशन कार्डों की जांच तेज कर दी गई है। खाद्य आयुक्त एवी राजमौलि ने गत माह जनपद के उन 834 राशन कार्डों को चिन्हित किया था जो किसान हैं और लाखों रुपये का अनाज क्रय केन्द्र पर बेचते हैं। खाद्य आयुक्त ने चिन्हित राशन कार्डों की सूची जिला आपूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव को सौंप दी और जांच करने का आदेश दे दिया। इस पर विभाग ने जांच कराई तो सत्यापन में सामने आया कि 834 किसानों के नाम राशन कार्ड तो बने हैं, लेकिन इनमें 116 कार्डधारक गैर जनपद के निकले। 13 किसानों से जांच कर रहे अधिकारियों का संपर्क ही नहीं हो सका। बचे हुए 705 कार्डधारकों की जानकारी जुटाई गई तो खाद्य आयुक्त का अंदेशा सही निकला। सभी राशन कार्डधारक पात्र नहीं पाये गये। इनमें सबसे ज्यादा किसान बिल्हौर तहसील और फिर नरवल के हैं।

जिला आपूर्ति अधिकारी ने इन सभी राशन कार्डों को निरस्त कर रिपोर्ट शासन को भेज दी है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि चिन्हित किये गये सभी राशन कार्डधारक अपात्र पाये गये हैं, हालांकि जो गैर जनपद के कार्ड निकले हैं और जिनसे अधिकारियों का संपर्क नहीं हुआ है,उन्हें अभी अपात्र सूची से बाहर रखा गया है। जिन राशन कार्डों को निरस्त किया गया है, उनसे रिकवरी के लिए शासन के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। शासन से आदेश आने के बाद इन सभी अपात्रों से रिकवरी की जाएगी। उन्होंने अपील की है कि कोई अपात्र व्यक्ति योजना का लाभ न ले, अन्यथा उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular