गाजियाबाद, 09अगस्त (हि.स.)। नेहरू नगर द्वितीय में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा लगभग 39 करोड़ 50लाख की लागत से निर्मित ऑडिटोरियम लगभग तैयार हो गया है। इस ऑडिटोरियम का उद्घाटन 24 अगस्त को राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करने वाले थे, लेकिन व्यस्तता के कारण उद्घाटन का कार्यक्रम सितंबर माह के प्रथम सप्ताह के लिए टाल दिया गया है।
महापौर आशा शर्मा ने सोमवार को बताया कि लगभग 8 वर्ष पहले इस ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शुरू हुआ था, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण इसका निर्माण समय-समय पर स्थगित होता रहा, लेकिन इस बार नगर निगम प्रशासन ने पूरी मुस्तैदी के साथ इसका निर्माण कार्य लगभग पूरा करा दिया है। वर्ष 2012 में नगर निगम ने इस ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य शुरू कराया था और उस वक्त इसकी लागत लगभग 22 करोड़ 93 लाख थी। उस दौरान तत्कालीन अधिकारियों की लापरवाही के कारण साउंड सिस्टम एसी और लिफ्ट की व्यवस्था इसमें नहीं कराई गई थी। तत्कालीन अधिकारियों की हिलाहवाली के कारण यह लागत बढ़कर 39 करोड़ 50 लाख पर पहुंच गई।
बताया कि ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कोई खामियां ना मिले, इसलिए इस पूरी परियोजना का थर्ड पार्टी ऑडिट भी कराया जा रहा है। आशा शर्मा ने बताया कि ऑडिटोरियम में साहित्यिक गतिविधियों व अन्य कार्यक्रमों के लिए विशेष वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा इस ऑडिटोरियम में एक साथ लगभग 850 दर्शक बैठकर किसी भी कार्यक्रम का आनंद ले सकते हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में यह पहला ऑडिटोरियम होगा, जिसमें साहित्यिक गतिविधियों को विशेष रुप से वरीयता दी जाएगी।
