मेरठ (हि.स.)। उप्र के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि योगी सरकार ने उप्र को उत्तम प्रदेश बनाया है। 2022 के चुनावों में जनता भाजपा की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 05 साल के विकास कार्य ट्रेलर थे, इस बार बनने वाली भाजपा सरकार फाइनल दिखाएगी।
मेरठ दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डॉ. सोमेंद्र तोमर के समर्थन में शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसोद मौर्य ने जनसभा को संबोधित किया। दिल्ली रोड स्थित वीनस गार्डन में जनसभा में केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता फिर से भाजपा को चुनने जा रही है। इससे सपा, बसपा, कांग्रेस आदि विरोधी दलों के हाथ-पांव फूलने लगे हैं। उप्र में भाजपा के रहते विकास और रोजगार है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास करने वाली पार्टी है। सपा-रालोद गठबंधन के प्रत्याशी हिंदूवादी की बात कर रहा है। 10 फरवरी को जनता फूल का बटन दबाकर इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि 2019 में भी सपा, बसपा, रालोद, कांग्रेस मिलकर भी भाजपा का सामना नहीं कर पाए थे। 2022 में भाजपा को प्रचंड बहुमत हासिल होगा।
योगी सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों को गिनाते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरठ के सोतीगंज से चोरी के वाहन काटने की मंडी खत्म की गई। अवैध धंधों से अर्जित संपत्ति को जब्त किया जा रहा है। आपराधिक कार्यों में लिप्त लोगों को अब सड़क पर चाऊमीन बेचनी पड़ रही है। उप्र से बूचड़खाने खत्म हो गए। प्रदेश की कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ। अपराधी त्राहि-त्राहि कर रहे हैं। सपा सरकार में हर रोज दंगे होते थे, लेकिन भाजपा सरकार में एक भी दंगा नहीं हुआ। महिलाओं की सुरक्षा करने का कार्य भाजपा ने किया है।
कुलदीप
