Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश2017 से पहले उप्र सहकारिता में चरम पर था भ्रष्टाचार, परिवारवाद :...

2017 से पहले उप्र सहकारिता में चरम पर था भ्रष्टाचार, परिवारवाद : अमित शाह

-केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री ने 155 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण

लखनऊ (हि.स.)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 155 करोड़ रुपये के कार्यों का लोकार्पण और 294 पैक्स में कम्प्यूटराइजेशन का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनी तब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार को समाप्त किया है। हर जगह भ्रष्टाचार और परिवारवाद चरम पर था। सहकारिता विभाग में सपा-बसपा की सरकार में कोई एक जाति या परिवार बैठा था।

केन्द्रीय सहकारिता मंत्री ने कहा कि सहकारिता के हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2022 में किसानों की आय दोगुना करने का लक्ष्य रखा था। उसे सहकारिता विभाग पूरा कर रहा है। गेहूं और धान के भण्डारण से लेकर अन्य महत्वपूर्ण कदम उठाये गए हैं। अगर किसान को उचित दाम नहीं मिल पा रहा है तो वह भी अपनी फसल इन भण्डारग्रहों में रख सकेगा।

कहा कि सहकारिता से जुड़े सभी लोगों से कहना चाहता हूं कि यदि आप पैक्स को कम्प्यूटरीकृत करते हैं तो भ्रष्टाचार पर बहुत हद तक विराम लग जाता है। देश भर में पैक्स को आधुनिक बनाने और उनका कम्प्यूटराइजेशन करने का कार्य किया जा रहा है। केन्द्र सरकार जल्द ही इस संबंध में घोषणा करेगी। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जब सहकारिता मंत्रालय बनाया तब लोगों ने पूछा कि इससे क्या लाभ होगा। मै बताना चाहता हूं कि देश 35 प्रतिशत उर्वरक सहकारिता के माध्यम, दूध की खरीद एवं उत्पादन 20 प्रतिशत सहकारिता के माध्यम से होता है। शाह ने ऐसे ही सहकारिता क्षेत्र के तमाम कार्यों को गिनाया।

उन्होंने कहा कि देश में ग्रामीण विकास की रीढ़ सहकारिता है। इस सहकारिता क्षेत्र को मजबूती प्रदान करने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। इसलिए सहकारिता विभाग का अलग मंत्रालय बनाया है।

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर भव्य कॉरिडोर का निर्माण करावाया है। आज पूरी भव्यता के साथ बाबा विश्वनाथ का परिसर देश और दुनिया को संदेश दे रहा है। यह उत्तर प्रदेश के समर्थन से ही सम्भव हो पाया है। हिन्दू धर्मस्थानों की भव्यता को वापस दिलाने का कार्य मोदी सरकार में हो रहा है। वह दिन भी दूर नहीं है। अयोध्या में गगन चुंबी राम मंदिर का निर्माण हो जाएगा। मोदी तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करते हैं। वह सबको साथ लेकर चल रहे हैं।

उत्तर प्रदेश में माफियाओं के कब्जे में था सहकारिता आंदोलन : योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 में अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए भाजपा का संकल्प पत्र जारी करवाया था। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में सहकारिता की स्थिति किसी से छिपी नहीं थी। माफिया के कब्जे में सहकारिता का आंदोलन था। किसान आत्महत्या करने को मजबूर थे। सत्ता में बैठे लोग सहकारिता को ऐसे जकड़े हुए थे कि लोगों की अपनी रकम भी नहीं मिल पा रही थी। जिस प्रदेश में किसान का एक भी दाना अनाज नहीं खरीदा जाता था, उसी प्रदेश में हमारी ने 75 हजार करोड़ का अकेले धान और गेहूं खरीदने का कार्य किया है। योगी ने किसानों की समृद्धि के लिए जरूर है कि अनाज का भण्डारण हो। इसके लिए भण्डारण ग्रह होने चाहिए। इसी क्रम में भण्डारण गृह का निर्माण किया है। उसका लोकार्पण आज केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री कर रहे हैं। उन्होंने सहकारिता से जुड़े लोगों से कहा कि यह गरीबों से जुड़ा अभियान है। इसमें पूरी ईमानदारी से लग कर काम करें। गरीबों का जितना आशीर्वाद लगता है उतना ही श्राप भी लगता है।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केन्द्रीय मंत्री बीएल वर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

शाह ने इन योजनाओं का किया लोकार्पण

155 करोड़ की लागत से एक लाख 40 मीट्रिक टन क्षमता के 28 अनाज गोदामों बैंक मुख्यालय भवन, एसीएसटीआई के हॉल एवं छात्रावास के जीर्णोद्धार, उप्र कोऑपरेटिव बैंक मुख्यालय पर साइबर सिक्योरिटी ऑपरेशन सेंटर एवं 13 नई शाखाओं का लोकार्पण एवं नाबार्ड से वित्त पोषित 294 वैक्स में कम्प्यूटराइजेशन का शुभारम्भ किया है।

दिलीप शुक्ला

RELATED ARTICLES

Most Popular