Saturday, April 11, 2026
Homeराष्ट्रीय130 करोड़ देशवासियों का आशीर्वाद लेकर यहां आया हूं: प्रधानमंत्री मोदी

130 करोड़ देशवासियों का आशीर्वाद लेकर यहां आया हूं: प्रधानमंत्री मोदी

जम्मू/नई दिल्ली (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के नौशेरा में तैनात जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं यहां अकेला नहीं आया हूं, बल्कि 130 करोड़ देशवासियों का ढेर सारा आशीर्वाद लेकर आया हूं। वे गुरुवार को लाइन ऑफ कंट्रोल पर स्थित नौशेरा में जवानों के साथ दीपोत्सव मनाते हुए अपनी बात साझा कर रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हमारे जवान ‘मां भारती’ के सुरक्षा कवच हैं। आप संकल्पों से भरे हैं। आपके समार्थ्य से देश में शांति और निश्चिंतता का भाव है। आप सबकी बदौलत ही हमारे देश के लोग रात को चैन से सो पाते हैं और त्योहारों पर खुशियां मना पाते हैं।

राजौरी के लाइन ऑफ कंट्रोल पर स्थित नौशेरा में जवानों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज दिवाली है और कई त्योहार आने वाले हैं। मैं नौशेरा की इस वीर वसुंधरा से सभी देशवासियों को दिवाली के साथ अन्य त्योहारों की शुभकामनाएं देता हूं।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यहां की धरती पर आते ही मेरा मन अलग ही रोमांच से भर गया है। यहां की हर चोटी से भारतीय सैनिकों के शौर्य का जय-घोष सुनाई देता है। यहां हमारे वीर सैनिकों ने अपने रक्त और पराक्रम से गर्व की गाथाएं लिखी हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री ने ब्रिगेडियर मोहम्मद उस्मान समेत उन वीर सैनिकों को स्मरण किया, जिन्होंने देश के लिए जीने-मरने का प्रण लेते हुए पराक्रम और सिद्धि का परिचय दिया है।

लोकगाथाओं का जिक्र करते हुए नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कई स्थानों पर इस बात की चर्चा है कि पांडवों ने भी अपने अज्ञातवाश का कुछ समय इसी क्षेत्र में व्यतीत किया था।

प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि बदलती दुनिया और युद्ध के बदलते रूप के अनुरूप भारत को अपनी शक्ति और क्षमता विकसित करनी होगी। नये और समर्थ भारत के निर्माण में नारी शक्ति की भूमिका पर भी जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों की भागीदारी नई बुलंदियों पर पहुंच रही है। अब सैन्य स्कूलों में भी बेटियों को पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इस दिशा में तेजी से काम हो रहा है।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘भारत हजारों साल पहले भी अमर था। आज भी अमर है और हजारों साल बाद भी अमर रहेगा।’ प्रधानमंत्री के संबोधन के दौरान कई बार जवानों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाये। भारतीय सीमा पर तैनात जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए आज सुबह प्रधानमंत्री जम्मू होते हुए सीधे नौशेरा पहुंचे, जहां सबसे पहले उन्होंने अमर शहीद जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दूसरी बार राजौरी जिले में जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे हैं। इससे पहले 2019 में भी उन्होंने राजौरी के एक आर्मी डिवीजन में सैनिकों के साथ दिवाली मनाई थी। प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेन्द्र मोदी ने हर दिवाली सैनिकों के साथ ही मनाई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular