मेरठ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों के लिए वोटर लिस्ट को अपडेट करने का अभियान तेजी से चल रहा है। 05 जनवरी 2022 को वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन होगा। शनिवार को जिलाधिकारी के. बालाजी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
वोटर लिस्ट को अपडेट करने के लिए शनिवार को विशेष अभियान दिवस सभी मतदान केन्द्रों व बूथों पर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी के बालाजी ने सरधना विकास खंड के ग्राम पंचायत कैली व कम्पोसिट विद्यालय कैली सहित विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष अभियान दिवस में बीएलओ व अन्य कर्मियों द्वारा किए जा रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने कुछ मतदाताओं के घर जाकर उनके प्रमाण पत्रों की जांच भी की। जिला निर्वाचन अधिकारी के. बालाजी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 01 से 30 नवम्बर के बीच चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए गए। शनिवार को अंतिम विशेष अभियान दिवस जनपद के सभी मतदान केन्द्रों व बूथों पर आयोजित किया गया। निर्वाचन आयोग ने मतदाता पहचान पत्र बनाने के लिए निर्धारित प्रारूप भरने के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन व्यवस्था की है।
जिलाधिकारी के. बालाजी ने युवाओं, महिलाओं और अभी तक मतदाता पहचान पत्र नहीं बनवाने वाले लोगों से अपना मतदाता पहचान पत्र बनवाने की अपील की। 05 जनवरी 2022 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
