हापुड़(हि.स.)। गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मंगलवार को अवैध हथियार बनाने की एक फैक्टरी पर छापा मारा है। मौके से दो तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने फैक्टरी से भारी मात्रा में तंमचे, बंदूक, हथियार बनाने के उपकरण एवं अन्य सामान बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक सर्वेश मिश्रा ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मंगलवार को बलवापुर के जंगल में एक मकान में बन रहे अवैध हथियार फैक्टरी पर छापा मारा है। इस दौरान पुलिस ने घटनास्थल से दो बदमाश अमरोहा निवासी तोकीन और गुड्डू को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फैक्टरी से तीन बंदूक, नौ तंमचे, अधबने हथियार, कारतूस, उपकरण आदि बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपितों ने एनसीआर क्षेत्र और आसपास के जनपदों में अवैध हथियारों की आपूर्ति करते थे। वह पांच से सात हजार रुपये में अवैध हथियार बेच कर कमाई करते थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ विनम्र
