बांदा (हि.स.)। जनपद हापुड़ में अधिवक्ताओं पर हुई लाठी चार्ज और गाजियाबाद में चैंबर के अंदर घुसकर अधिवक्ता की हत्या को लेकर अधिवक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। जिला अधिवक्ता संघ के आवाह्न पर शनिवार को आत्मरक्षा के लिए हाथों में डंडा थाम लिया है।
अधिवक्ता संघ के जिला अध्यक्ष राजेश कुमार दुबे, महासचिव ओम प्रकाश सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ता संघ परिसर स्थित मंदिर में तमाम अधिवक्ता पहुंचे। यहां पर विधि विधान से दंड पूजन किया और इसके बाद भ्रमण करते हुए नारेबाजी की। ऐसा करके अधिवक्ताओं ने अपनी एकता और मजबूती को प्रदर्शित किया।
श्री दुबे ने कहा कि जिला अधिवक्ता संघ हापुड़ और गाजियाबाद में हुई घटनाओं को लेकर अत्यधिक आक्रोश में है। दंड पूजा का कार्यक्रम करने का उनका उद्देश्य कानून के दायरे में रहकर आत्मरक्षा करना है। दोनों जनपदों में हुई घटनाओं के संघर्ष की दिशा उत्तर प्रदेश बार काउंसिल तीन सितंबर को होने वाली बैठक में तय करेगा। इसी के बाद आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
इस मौके पर प्रमुख रूप से अशोक त्रिपाठी जीतू, राघवेंद्र सिंह भदौरिया, हेमलता,राकेश सिंह, सत्यदेव त्रिपाठी,अजय प्रजापति आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
अनिल/दीपक
