Sunday, September 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेश हादसे में गम्भीर मरीजों को ट्रामा सेंटर से मिलेंगी सभी सुविधाएं :...

 हादसे में गम्भीर मरीजों को ट्रामा सेंटर से मिलेंगी सभी सुविधाएं : अनुप्रिया पटेल

– केंद्रीय राज्यमंत्री ने मीरजापुर के प्रथम ट्रामा सेंटर व इमरजेंसी वार्ड का किया लोकार्पण

मीरजापुर(हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्यमंत्री एवं जिले की सांसद अनुप्रिया पटेल ने रविवार को मंडलीय चिकित्सालय में जनपद के प्रथम ट्रामा सेंटर व इमरजेंसी वार्ड का फीता काटकर लोकार्पण किया।

स्वास्थ्य के क्षेत्र में आमजन की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग नित-नए आयाम स्थापित कर रहा है। मेडिकल काॅलेज बनने के बाद जिले में बेहतर स्वास्थ्य को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राज्यमंत्री ने कहा कि किसी भी हादसे में गम्भीर रूप से घायल व्यक्ति को किसी तरीके की किसी भी परिस्थिति में बर्न इंजरी, मल्टीपल फ्रैक्चर या किसी गम्भीर परिस्थिति में उन्हें आपातकालीन मेडिकल सुविधा की आवश्यकता होती हैं, वह सभी सुविधाएं इस ट्रामा सेंटर के अन्तर्गत प्राचार्य मेडिकल व मुख्य चिकित्साधिकारी की देखरेख में उपलब्ध कराई जाएगी।

प्राचार्य मेडिकल डाॅ. आरबी कमल ने ट्रामा सेंटर के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इस ट्रामा सेंटर व इमरजेंसी वार्ड में 30 बेड की सुविधा है। इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सकेंगी तो वहीं जनपदवासियों को अन्य जनपद जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने बताया कि ट्रामा सेंटर को तीन भागों में विभाजित किया है जिसमें रेड जोन, यलो जोन और ग्रीन जोन है। उन्होंने कहा कि सर्जरी, आर्थो, एनेस्थीसिया के डाॅक्टरों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाते हुए 24 घण्टे उपस्थित रहने को निर्देशित किया गया है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, अपना दल (एस) जिलाध्यक्ष इं.रामलौटन बिंद, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रेखा वर्मा, प्रदेश सचिव आनंद सिंह पटेल, उदय पटेल, विजय शंकर केसरवानी, शंकर सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

गिरजा शंकर

RELATED ARTICLES

Most Popular