अयोध्या (हि.स.)। नगर निगम के तिलकहाल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कृतित्व व व्यक्तित्व पर आधारित नमो प्रदर्शनी का उद्घाटन शनिवार को जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह व सांसद लल्लू सिंह ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों से आम जनता को अवगत कराया गया।
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के सिद्धान्तों पर केन्द्र व प्रदेश सरकार चल रही है। हर पात्र को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है। गरीबों को मकान, शौचालय गैस व विद्युत कनेक्शन दिया गया है। निःशुल्क इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना सरकार ने दी है।
अयोध्या सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि कोविड काल में दुनिया के विकसित देश भी परेशान हो गये थे। परन्तु भारत इस पर विजय प्राप्त करने के साथ आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से अग्रसर हो रहा था। पूरी दुनिया में भारत एक ऐसे राष्ट्र के रुप में उभर रहा है जो सक्षम है।
इस अवसर पर महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता व रामचन्दर यादव, महानगर जिलाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, मिंटू प्रधान, जितेन्द्र दूबे, शैलेन्दर कोरी, तिलकराम वर्मा, दिवाकर सिंह, राजेश सिंह प्रमुख रुप से उपस्थित रहे।
पवन
