Monday, March 30, 2026
Homeउत्तर प्रदेशहरदोई में पत्नी की चुनाव ड्यूटी नहीं कटी तो भाजपा जिला संयोजक...

हरदोई में पत्नी की चुनाव ड्यूटी नहीं कटी तो भाजपा जिला संयोजक ने दे दिया इस्तीफा

पंचायत चुनाव में पत्नी की ड्यूटी नहीं कटने से नाराज भाजपा के चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिला संयोजक डॉ. अनुराग शुक्ला ने बुधवार को पद व पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट करते हुए अपना दर्द बयां किया। चंद मिनटों में इस्तीफा प्रकरण सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। जिला संयोजक का कहना है उनकी कोरोना की एंटीजन रिपार्ट पॉजिटिव आई है। घर पर 10 साल का बेटा व दो साल की बेटी है। अन्य कोई देखभाल के लिए नहीं है। पत्नी की पंचायत चुनाव में ड्यूटी बेहंदर ब्लॉक में लगाई गई है।

उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष से ड्यूटी कटवाने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने यह कहकर असमर्थता जताई कि डीएम किसी की ड्यूटी नहीं काट रहे हैं। निकट के किसी पोलिंग स्टेशन पर ड्यूटी लगवाने को कहा गया लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अनुराग शुक्ला का कहना है कि वह 2008 से पार्टी से जुड़े हैं। लेकिन उनकी ही नहीं सुनी गई। इससे आहत होकर वह अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं। कहा कि जिले में भाजपा सबसे कमजोर हो गई है। बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट डाल उन्होंने अपना दर्द बयां किया। पूरे दिन उनका वीडियो चर्चा का विषय बना रहा। 

हरदोई भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बताया कि नियम सभी के लिए बराबर हैं। भाजपाई हो या आम जनता। भाजपाई होने का मतलब यह तो नहीं कि चुनाव ड्यूटी नहीं करेंगे, हेलमेट नहीं पहनेंगे या मास्क नहीं लगाएंगे। यदि भाजपाई चुनाव ड्यूटी नहीं करेंगे तो कौन करेगा? परेशानी को देखते हुए ड्यूटी कट जानी चाहिए थी। लेकिन यदि ड्यूटी नहीं कटी तो इसका मतलब यह तो नहीं कि पार्टी खराब हो गई। अभी इस्तीफा मिला नहीं है। मिलते ही स्वीकार किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular