फतेहपुर(हि.स.)। जिले मे गुरुवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस ने हत्या, डकैती व चोरी की कई घटनाओं का खुलासा करते हुए चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से लाखों के जेवरात, नकदी सहित रिवाल्वर बरामद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विगत 2 जनवरी को सदर कोतवाली क्षेत्र के राधा नगर मोहल्ले में एक घर में बदमाशों ने डकैती को अंजाम दिया था। जिसमें एक बुजुर्ग जो रिटायर शिक्षक थे, उनके जग जाने पर सिर को ईंट से कुचल कर हत्या कर दिया था। वहीं विगत 05 अगस्त को राधा नगर चौकी क्षेत्र के बस कंडक्टर के घर पर धावा बोलकर पति, पत्नी, बेटी व किराएदार युवक को बेरहमी से पिटाई कर नगदी व जेवर लूटकर फरार हो गए थे।
उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद तीन अपराधी अपने साथ घायल लड़की को भी साथ ले गए थे। जिसके साथ गलत काम करने का प्रयास किया गया था लेकिन कुछ सोचकर वापस कर दिया था। इस मामले की जांच में पुलिस काफी दिनों से लगी थी। गिरफ्तार अपराधी शिव गोपाल उर्फ राजा जिसके खिलाफ जिले के अलावा अन्य थानों में 9 मुकदमें दर्ज हैं, दूसरा अपराधी सुरेंद्र उर्फ कैदी पर खिलाफ 6 मुकदमे और चोरी का माल बेचने का काम करने वाले आनंद उर्फ बाबा व उनकी पत्नी रूपा देवी के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हैं। चारों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही। वही, शिव गोपाल व सुरेश ई-रिक्शा मजदूरी करने के दौरान घरों की रैकी कर बदमाशों को जानकारी दिया करते थे। इन लोगों द्वारा बांदा से रिवाल्वर चोरी कर लाया गया है जिसको बरामद किया गया है।
देवेन्द्र
