-योगी सरकार के साढ़े चार साल पर उप्र में सात अक्टूबर तक मनेगा ‘विकास उत्सव’
-मुख्यमंत्री योगी बोले, 350 सीटों के साथ फिर बनाएंगे सरकार
लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने रविवार को अपने कार्यकाल के साढ़े चार साल पूरे कर लिए। भाजपा संगठन और सरकार ने इस अवधि को बदलाव का काल खण्ड मानते हुए प्रदेश भर में आगामी सात अक्टूबर तक ‘विकास उत्सव’ का आयोजन करेगी।
सरकार ने इस विकास उत्सव की टैग लाइन, ‘सोच ईमानदार, काम दमदार, छा गई योगी सरकार’ दी है। साथ में यह भी लिखा है, ‘बदलाव के 4.5 वर्ष, आओ मनाएं विकास उत्सव।’ इसी टैग लाइन के साथ आज प्रदेश भर में आयोजनों का दौर चला। मुख्य आयोजन राजधानी लखनऊ के लोकभवन में हुआ, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह तथा प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह के साथ अपनी सरकार के साढ़े चार साल की उपलब्धियों पर एक पुस्तिका का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में तबादलों और पोस्टिंग की बाकायदे इंडस्ट्री चलती थी। अधिकारी और कर्मचारी राज्य मुख्यालय से लेकर मंडल और जिला स्तर तक ताश के पत्तों की तरह फेंटे जाते थे। लेकिन, हमारी सरकार में इस तरह के भ्रष्टाचार पर रोक लग गई है। इससे प्रशासन में स्थिरता का माहौल बना।
उन्होंने यह भी कहा कि पहले भ्रष्टाचार के साथ अराजकता भी थी। जो भी मुख्यमंत्री या मंत्री बनता था उनमें राजधानी के अंदर अपना घर बनाने की होड़ लग जाती थी। पर भाजपा सरकार ने इसके इतर 42 लाख गरीबों को घर बनवाकर दिया।
योगी ने कहा कि साढ़े चार साल की अवधि में कई संकट के भी समय आये। कोरोना महामारी ने इस दौरान पूरी दुनिया को ठप सा कर दिया, लेकिन उप्र की सरकार हर संकट में जनता के साथ रही।
योगी ने कहा कि बदलते माहौल की वजह से प्रदेश में निवेश भी बढ़ा है। अब देश ही नहीं दुनिया भर के उद्यमी यहां निवेश कर रहे हैं। चीन से भी निवेश आया। यह उप्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश में तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। इससे एक करोड़ 61 लाख नौकरी की संभावनाएं हैं।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने अपने पांच वर्ष के कार्यकाल से पहले ही संकल्प पत्र के सभी वादों को पूरा कर दिया है। इस संबंध में विपक्ष के आरोपों को उन्होंने सिरे से खारिज कर दिया। योगी आज बड़े ही आत्मविश्वास के साथ मीडिया से रुबरु हो रहे थे। विपक्ष के सवालों पर उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी 350 सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाएगी।
