अखिलेश यादव करते हैं बचकानी हरकत -नागरिक उड्डयन मंत्री
झांसी(हि.स.)। उप्र सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को बचकानी हरकत करने वाला बताया। कहा कि अखिलेश ने अपनी मेहनत से तो कुछ पाया नहीं है, इसलिए वह बचकानी हरकत करते हैं। वह यहां सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब होते हुए पंचायत चुनाव के सवालों का जबाब दे रहे थे।
पंचायत चुनाव पर अखिलेश यादव के सवालों पर उन्होंने कहा अखिलेश यादव बचकाना हरकत करते हैं। सर्वोच्च पद पर बैठकर उन्हें ऐसी बचकाना हरकत नहीं करनी चाहिए। उन्होंने वैक्सीनेशन के मामले पर थूक कर चाटने का काम किया है। सच कहूं तो उन्होंने अपनी मेहनत से कुछ पाया नहीं इसीलिए बचकानी हरकत करते हैं। जबकि नागरिक उड्डयन मंत्री ने अखिलेश यादव के पिता मुलायम सिंह यादव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बेटे द्वारा वैक्सीन पर फैलाए गए भ्रम को दूर करते हुए देश के वैज्ञानिकों पर भरोसा जताया है।
वह रविवार को मऊरानीपुर में हुई अशोक अग्रवाल की हत्या के बाद उनके परिवार के लोगों से मिलने आए थे। वहां पहुंचकर उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शोक संवेदनाएं भी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के नेतृत्व में अपराधियों को प्रदेश छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है। आपको यकीन दिलाते हैं कि कोई भी अपराधी बख्सा नहीं जाएगा। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि जिस प्रकार अन्य माफियाओं पर बुलडोजर चलाया जा रहा है सूदखोरों, जुआ और सट्टा खिलाने वालों के भवनों पर भी बुलडोजर चलना चाहिए।
पुलिस कप्तान की थपथपाई पीठ
उन्होंने बताया कि जब मऊरानीपुर गोलीकांड हुआ था तब वह अपने बेटे का ऑपरेशन कराने दिल्ली गए हुए थे। उन्होंने फोन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शिवहरि मीणा से वार्ता की थी। पुलिस कप्तान ने उन्हें आश्वासन दिया था कि उनके आने से पहले ही सभी आरोपित जेल की सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि पुलिस कप्तान ने कठोर कार्रवाई अमल में लाते हुए सभी आरोपितों को जेल भेज दिया है।
