Monday, February 9, 2026
Homeविधि एवं न्यायसांसद कौशल किशोर के बेटे की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ...

सांसद कौशल किशोर के बेटे की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने लगाई रोक

-राजधानी में खुद पर गोली चलवाने का है आरोप 

लखनऊ (हि.स.)। राजधानी में खुद पर गोली चलवाने के मामले में फरार चल रहे भाजपा सांसद कौशल किशोर के बेटे आयुष को हाईकोर्ट से शुक्रवार को राहत मिल गई। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने आयुष की गिरफ्तारी पर स्टे दे दिया है। 

आरोप है कि मड़ियाव के छठा मील इलाके में बीती दो मार्च की रात आयुष ने खुद पर गोली चलवाई थी। इस मामले में पुलिस ने आयुष और उसके साले आदर्श सिंह पर हत्या के प्रयास और साजिश रचने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आदर्श को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि सांसद कौशल किशोर का बेटा फरार चल रहा था। हाल ही में आयुष ने कोर्ट में समर्पण की अर्जी डाली थी।
शुक्रवार को आयुष के वकील ने हाईकोर्ट के लखनऊ खंडपीठ में स्टे की अर्जी डाली। जिस पर कोर्ट ने गिरफ्तारी पर रोक लगाने का आदेश दे दिया है। सांसद के बेटे आयुष की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पुलिस को 41 सीआरपीसी के प्रावधानों का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस अब बयान दर्ज कराने के लिए आयुष को नोटिस भेजेगी। नोटिस भेजने के बाद भी आयुष के न आने पर गिरफ्तारी का वारंट लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक जल्द आयुष के घर नोटिस भेजा जाएगा।
इससे पहले आयुष ने अपने वायरल वीडियो में कहा था कि उसने अपने माता-पिता को बहुत कष्ट दिया है। उसने खुद पर हमला कराने से इनकार करते हुए पत्नी अंकिता पर आरोप लगाया था। आयुष के मुताबिक जिस दिन उस पर गोली चली, उस दिन उसे पीटा भी गया था। इसके निशान शरीर पर है। जब वह अस्पताल में था तब पत्नी ने फोन कर धमकाया भी था। उधर आयुष की पत्नी ने इन आरोपों का खंडन किया है।  

RELATED ARTICLES

Most Popular