नई दिल्ली (हि.स.)। मौजूदा सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन आज सर्राफा बाजार में तेजी का रुख बना रहा। सोने और चांदी दोनों चमकीली धातुओं की कीमत में आज बढ़ोतरी दर्ज की गई। सोने की कीमत में आज प्रति 10 ग्राम 177 रुपये की तेजी दर्ज की गई। इसी तरह चांदी में भी आज 229 रुपये प्रति किलोग्राम की बढ़त दर्ज की गई। इसके पहले मंगलवार को सोने का आखिरी बंद भाव 57,365 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का आखिरी बंद भाव 67,134 रुपये प्रति किलोग्राम रहा था।
अमेरिकी फेडरल रिजर्व ने अमेरीका में महंगाई दरों में कमी आने और उसकी वजह से ब्याज दरों में राहत मिलने के संकेत दिए थे। इसकी वजह से पिछले कारोबारी सत्र में वॉल स्ट्रीट में तो तेजी आई ही थी, कॉमेक्स पर सोने की कीमत में भी मजबूती नजर आई थी। इसके साथ ही डॉलर इंडेक्स में भी गिरावट आई थी। माना जा रहा है कि वैश्विक परिस्थितियां लगातार गोल्ड मार्केट के लिए अनुकूल होती जा रही हैं, जिसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस चमकीली धातु में तेजी का माहौल बना है। भारतीय सर्राफा बाजार में भी अंतरराष्ट्रीय बाजार की तर्ज पर तेजी का रुख बना हुआ है।
इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के मुताबिक घरेलू सर्राफा बाजार में आज कारोबारी यानी 24 कैरेट (999) सोने की औसत कीमत 177 रुपये की बढ़त के साथ चढ़ कर 57,542 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। इसी तरह 23 कैरेट (995) सोने की कीमत भी 177 रुपये की मजबूती के साथ 57,342 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) हो गई। जेवराती यानी 22 कैरेट (916) सोने की कीमत में आज 163 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी आई। इसके साथ ही 22 कैरेट सोना 52,709 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया। इसके अलावा 18 कैरेट (750) सोने की कीमत आज प्रति 10 ग्राम 133 रुपये तेज होकर 43,157 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गई जबकि 14 कैरेट (585) सोना आज 103 रुपये महंगा होकर 33,662 रुपये प्रति 10 ग्राम (अस्थाई) के स्तर पर पहुंच गया।
सोने की तरह ही चांदी की कीमत में भी आज बढ़त दर्ज की गई। आज के कारोबार में चांदी (999) की कीमत में 229 रुपये प्रति किलोग्राम की मजबूती आ गई। आज की तेजी के बाद इस चमकीली धातु की कीमत बढ़ कर 67,363 रुपये प्रति किलोग्राम (अस्थाई) के स्तर पर आ गई।
सर्राफा बाजार के जानकारों का मानना है कि डॉलर इंडेक्स में गिरावट का बाजार पर दोहरा असर पड़ने वाला है। इसकी वजह से जहां ज्यादातर देशों की मुद्राओं में डॉलर की तुलना में तेजी का रुख बनेगा, वहीं वर्ल्ड गोल्ड मार्केट में भी तेजी आने की संभावना बनेगी। गोल्ड मार्केट के लिए एक अच्छी बात ये भी है कि दुनिया के कई देशों के केंद्रीय बैंक इन दिनों अपना गोल्ड रिजर्व मजबूत करने में लगे हुए हैं। इसकी वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की मांग में तेजी का माहौल बना हुआ है। अगर मौजूदा वैश्विक हालात में कोई बड़ा उलट फेर नहीं हुआ, तो भारतीय सर्राफा बाजार में सोना आने वाले दिनों में 60 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को भी पार कर सकता है।
योगिता/दधिबल
