Saturday, March 28, 2026
Homeकानपुरसपा विधायक इरफान और करीबियों की अब तक 160 करोड़ की सम्पत्ति...

सपा विधायक इरफान और करीबियों की अब तक 160 करोड़ की सम्पत्ति जब्त

-विधायक के असलहे का लाइसेंस निलंबित, कारण बताओं नोटिस जारी

कानपुर (हि.स.)। सीसामऊ विधानसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक इरफान सोलंकी और उनके करीबियों की लगभग 160 करोड़ से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी है। पुलिस की पैरवी के बाद जिलाधिकारी न्यायालय ने विधायक के असलहा का लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही कारण बताओ नोटिस जारी किया है। नोटिस का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी शुक्रवार को संयुक्त पुलिस आयुक्त आनंद प्रकाश तिवारी ने दी।

उन्होंने बताया कि विधायक इरफान सोलंकी के पास असलहा का लाइसेंस है। इरफान बीते कई महीने से महाराजगंज जिले की जेल में बंद है। विधायक के खिलाफ आगजनी, बांग्लादेशी नागरिक को बसाने के अतिरिक्त कई मुकदमे दर्ज हैं।

कानपुर कमिश्नरेट ने अप्रैल महीने में विधायक की संपत्ति और असलहों को जब्त करने की कार्यवाही शुरू की थी। इस दौरान अब तक विधायक और उनके करीबियों की लगभग 160 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। इसी क्रम में पुलिस ने विधायक की रिवाल्वर और बंदूक को भी जब्त किया था। जब्त करने के बाद जाजमऊ पुलिस ने जिलाधिकारी न्यायालय में लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति रिपोर्ट भेजी थी। पत्र आने के बाद जिलाधिकारी न्यायालय ने लाइसेंस को निलंबित करते हुए नोटिस जारी कर दिया। एक सप्ताह में विधायक को जवाब दाखिल करने का आदेश जारी किया है।

राम बहादुर/दीपक/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular