Thursday, April 2, 2026
Homeमंडललखनऊ मंडलसद्भावना मैच में राजभवन के आगे नहीं टीक सकी लखनऊ विवि की...

सद्भावना मैच में राजभवन के आगे नहीं टीक सकी लखनऊ विवि की टीम

-टास जीतकर लखनऊ विवि ने पहले क्षेत्ररक्षण का किया फैसला, राज्यपाल ने दोनों टीमों को किया पुरस्कृत
लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ विश्वविद्यालय और राजभवन के बीच रविवार को सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। इस मैच में 41 रन से राजभवन से लखनऊ विश्वविद्यालय को मात दे दी। निर्धारित 12 ओवरों में पांच विकेट पर 72 रन राजभवन ने बनाये लेकिन लखनऊ विश्वविद्यालय की पूरी टीम 29 रन पर ही आउट हो गयी।
 लखनऊ विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम और राजभवन की क्रिकेट टीम के बीच एक सद्भावना क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया था। टॉस जीतकर लखनऊ विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. आलोक कुमार राय ने पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला लिया। दोनों ही दल इस निर्णय से खुश नजर आ रहे थे। जल्द ही बहुत रोमांचक खेल  शुरू हुआ और राजभवन की टीम ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन दिखाते हुए 12 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 72 रन एकत्रित किए। राजभवन की ओर से कप्तान अशोक देसाई ने सर्वाधिक 44 रन बनाए। लखनऊ विश्वविद्यालय ने भी बढ़िया गेंदबाजी की और शानदार क्षेत्ररक्षण किया। 
विश्ववद्यालय टीम से विपुल मिश्रा ने 3 ओवर में मात्र 10 रन देकर 2 विकेट और राजीव ने 3 विकेट चटकाए। जवाबी पारी में लखनऊ विश्वविद्यालय को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लखनऊ विश्वविद्यालय ने 11.3 ओवरों में सभी विकेट खोकर केवल 29 रन बनाये। राजभवन की ओर से प्रभाकर पांडेय ने सर्वाधिक 2 विकेट लिए और 4 विकेट रन आउट हुए। लखनऊ विश्वविद्यालय की अपनी पारी में डॉ विद्यानंद त्रिपाठी ने सर्वाधिक 6 रन बनाए। 
मैच संपन्न होने के बाद महामहिम श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने दोनों दलों को एक शानदार सद्भावना मैच के लिए बधाई दी और कहा कि ऐसे खेल कूद के माहौल से मन और शरीर दोनों जगह स्फूर्ति का संचार होता है। उन्होंने दोनों दलों के प्रदर्शन से खुश होकर विजयी दल के लिए 1 लाख रुपए का और पराजित दल के लिए 51 हज़ार की राशि के पुरस्कार की घोषणा की।

RELATED ARTICLES

Most Popular