चित्रकूट (हि.स.)। उत्तर प्रदेश किसान सभा के राज्य कार्यकारिणी सदस्य का रुद्र प्रसाद मिश्र व भाकपा के जिला सचिव अमित यादव ने भारत बन्द को सफल बताया। उन्होंने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई में दस माह से सरकारी दमन झेलते हुए लाखों किसान दिल्ली सीमा पर आन्दोलित है। अमित यादव ने प्रदर्शन कर तहसील परिसर में हुई सभा में कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ किसान आन्दोलित हैं।
भारत बन्द पर सोमवार को उप्र किसान सभा राज्य कार्यकारिणी सदस्य रुद्र प्रसाद मिश्र ने कहा कि प्रदेश को योगी सरकार संविधान की धज्जियां उड़ाकर साम्प्रदायिक बंटवारे का माहौल बना रही है। मोदी-योगी सरकारें वायदों से पलटी मारकर देश के साथ गद्दारी कर कम्पनी राज को बढावा दे रही हैं। कामरेड लल्लूराम त्रिपाठी ने तानाशाही मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए भारत बन्द कर ऐलान किया। कामरेड रामप्रताप विश्वकर्मा ने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती आन्दोलन जारी रहेगा। इस मौके पर का शिवमोहन यादव, चुनकूराम पाल, शिवप्रसाद, शिवशंकर, गीता देवी, सुनीता, मो अली, ओम प्रकाश आदि ने नारेबाजी के साथ धरना समाप्त किया।
इसी क्रम में भाकपा ने जुलूस निकाल प्रदर्शन कर तहसील में पूर्व विधायक का रामप्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सभा की। अमित यादव ने कहा कि 84 करोड़ गरीबों को मिलने वाले सस्ते राशन को खत्म करने की मंशा से कृषि कानून बनाया गया है। एमएसपी की गारंटी, जमाखोरी व काला बाजारी रोकने को सरकार ने कृषि कानून में कवायद की होती तथा किसानों के हित करती तो किसानों को आन्दोलन की जरूरत नहीं पडती। सभा में का रामप्रसाद सिंह, रविकरन, उदयभान सिंह, विनोद पाल, दादूराम यादव, राजेन्द्र कुमार, रणधीर आदि मौजूद रहें।
