Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशिवपुर पुलिस ने जूस विक्रेता के हत्यारों को मुठभेड़ में दबोचा,बदमाशों के...

शिवपुर पुलिस ने जूस विक्रेता के हत्यारों को मुठभेड़ में दबोचा,बदमाशों के पैर में लगी गोली

वृद्ध के चचेरे पोते ने पचास हजार रूपये में हत्या की दी थी सुपारी

वाराणसी(हि.स.)। शिवपुर थाना क्षेत्र के पिसौर पुलिया के समीप मुठभेड़ में पुलिस टीम ने जूस विक्रेता के हत्या में शामिल दो शूटरों को दबोच लिया। मुठभेड़ में बदमाशों के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के पास से 315 बोर के 2 तमंचे और 6 कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस टीम ने घायल बदमाशों को अस्पताल भिजवाया । देर रात हुए मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंच गये और घटना की जानकारी ली।

क्राइम ब्रांच पुलिस टीम को सूचना मिली कि चार दिन पूर्व जूस विक्रेता बालचंद चौधरी की हत्या में शामिल दो शूटर किसी घटना को अंजाम देने के लिए पिसौर पुल के रास्ते शिवपुर में आने वाले है। क्राइम ब्रांच पुलिस टीम ने शिवपुर पुलिस को साथ लेकर गुरूवार देर रात पिसौर पुल के पास घेराबंदी कर ली। इसी दौरान एक मोटर साइकिल पर सवार दो युवकों को आते देख पुलिस टीम ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो दोनों ने तमंचा से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जबाबी कार्यवाही में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी तो दोनो वाहन से गिर पड़े। पुलिस टीम ने सावधानी बरतते हुए दोनों बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम गाजीपुर सदर कोतवाली काशीराम कॉलोनी निवासी राशिद और प्रकाश टॉकीज, शक्ति मस्जिद मछरहट्टा, थाना कोतवाली सदर, गाजीपुर निवासी रेहान बताया। पुलिस टीम ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया । पूछताछ में दोनों बदमाशों ने बताया कि बीते सोमवार की सुबह शिवपुर के इंद्रपुरी खोरी स्थित शास्त्री धाम कॉलोनी में वृद्ध जूस विक्रेता बालचंद्र चौधरी को उनके घर में घुसकर गोली मारी थी। शुक्रवार को पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाशों को अदालत में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जाएगा।

शिवपुर एसओ के अनुसार संपत्ति विवाद में बालचंद्र के भाई के पोते अखिलेश और सोनू ने सुपारी देकर शूटरों से हत्या कराई थी। दोनों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू की गई तो अखिलेश चौधरी ने गाजीपुर जिले में एक पुराने मामले में जमानत तुड़वा कर आत्मसमर्पण कर दिया। वहीं, सोनू अभी घर छोड़ कर भागा हुआ है। अखिलेश और उसके भाई सोनू ने शूटरों को 50 हजार रूपये की सुपारी दी थी।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular