Saturday, March 14, 2026
Homeव्यापारव्यापार : मजबूत शुरुआत के बाद लुढ़का शेयर बाजार

व्यापार : मजबूत शुरुआत के बाद लुढ़का शेयर बाजार

नई दिल्ली (हि.स.)। लगातार दो दिन की गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार आज सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन मजबूती के साथ खुला। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ने कल के बंद से काफी ऊपर अपने कारोबार की शुरुआत की। हालांकि ट्रेडिंग की शुरुआत होते ही शेयर बाजार में बिकवाली का दौर भी शुरू हो गया। इसके कारण मजबूती के साथ खुला शेयर बाजार शुरुआती 30 मिनट के कारोबार में ही लाल निशान में पहुंच कर ट्रेड करने लगा। 
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स आज 244.74 अंक की मजबूती के साथ 52 हजार,568.07 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत में ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसकी वजह से अगले 10 मिनट में ही सेंसेक्स आज के ओपनिंग लेवल से करीब 230 अंक नीचे लुढ़क गया। इसके बाद लिवालों ने खरीदारी के बल पर सेंसेक्स में तेजी लाने की कोशिश भी की, लेकिन लिवाली का दौर ज्यादा देर तक टिक नहीं सका। इस कारण एक बार फिर शेयर बाजार में बिकवाली का दौर शुरू हो गया। कारोबार के शुरुआती 30 मिनट के अंदर ही 244 अंक से ज्यादा मजबूत होकर खुला सेंसेक्स लाल निशान में पहुंच कर कारोबार करने लगा। 
शेयर बाजार में कमजोरी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। बिकवाली के दबाव में सेंसेक्स लगातार गोता लगाता रहा और सोमवार के बाद आज पहली बार 52 हजार अंक के दायरे से भी नीचे लुढ़क कर 51 हजार,960.88 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इस स्तर पर पहुंचने के बाद शेयर बाजार में थोड़ी खरीदारी भी शुरू हो गई। फिलहाल लगातार लिवाली और बिकवाली हो रही है। इसकी वजह से बाजार कभी ऊपर का रुख करता है तो कभी नीचे की ओर लुढ़क जाता है। लिवाली और बिकवाली के बीच एक घंटे के कारोबार के बाद सवा दस बजे सेंसेक्स 164.66अंक गिरकर 52 हजार,158.67 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। 
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने आज 65.10 अंक की मजबूती के साथ 15 हजार,756.50 अंक के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। लेकिन निफ्टी की ये मजबूती कारोबार शुरू होने के कुछ मिनट के अंदर ही साफ हो गई। जोरदार बिकवाली की वजह से निफ्टी भी शुरुआती 30 मिनट में लगकर लाल निशान में कारोबार करने लगा। 
बिकवाली के दबाव में निफ्टी एक बार 121.75 अंक लुढ़क कर 15 हजार,569.65 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद शुरू हुई लिवाली के बल पर निफ्टी की स्थिति में कुछ सुधार जरूर हुआ, लेकिन ओवरऑल बिकवाली का दबाव अभी भी बना हुआ है। लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह सवा दस बजे निफ्टी 70.40 अंक की कमजोरी के साथ 15 हजार,621 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। 
अभी तक के कारोबार में अडाणी पोर्ट्स को छोड़कर अडाणी ग्रुप की बाकी कंपनियां लगातार पांचवें दिन भी गिरावट का रुख दिखा रही हैं। अडाणी पावर लिमिटेड के शेयर में पांच फीसदी की गिरावट आ चुकी है। इसी तरह अडाणी ट्रांसमिशन लिमिटेड, अडाणी टोटल गैस लिमिटेड और अडाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयर में भी 5-5 फीसदी की गिरावट दर्ज की जा चुकी है। दूसरी और शुरुआती कारोबार में अडाणी पोर्ट्स अभी तक दो फीसदी की मजबूती दिखा रहा है। 
दिग्गज शेयरों के बीच अडाणी पोर्ट्स 2 फीसदी, बजाज फिनसर्व 1.11 फीसदी, इंफोसिस 0.86 फीसदी, डिविज लैब 0.86 फीसदी और एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस 0.83 फीसदी की मजबूती के साथ अभी तक के टॉप पांच गेनर बने हुए हैं। वहीं ओएनजीसी 2.72 फीसदी, जेएसडब्ल्यू स्टील 1.84 फीसदी, टाटा स्टील 1.74 फीसदी, यूपीएल 1.44 फीसदी और पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.33 फीसदी की कमजोरी के साथ अभी तक के टॉप पांच लूजर बने हुए हैं। 
एशिया के दूसरे शेयर बाजारो में आज जापान का निक्केई इंडेक्स 89 अंक चढ़कर 29 हजार,104 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हांगकांग के हेंगसेंग इंडेक्स में 198 की मजबूती है और वो अभी 28 हजार,704 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 33 अंक की बढ़त के साथ 3 हजार,268 अंक के स्तर पर है। वहीं चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 12 अंक टूटकर 3 हजार,513 अंक के स्तर पर ट्रेड कर रहा है। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरीज इंडेक्स 33 अंक की मजबूती के साथ 7 हजार,634 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular