प्रयागराज (हि.स.)। सिविल लाइंस स्थित बिहारी भवन में बीते शनिवार को व्यापारियों पर हुए हमले को लेकर आज व्यापारियों ने सिविल लाइंस थाने पहुंचकर इंस्पेक्टर सिविल लाइन विरेंद्र सिंह से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करने की मांग की।
प्रयाग व्यापार मंडल के मीडिया प्रभारी अकरम शगुन ने बताया कि बिहारी व्यवसायिक भवन के दो दुकानदार सौरभ गुप्ता एवं श्याम सिंह पर नंद किशोर एवं उसके साथियों द्वारा लोहे की रॉड एवं लाठियों से हमला कर जान से मारने का प्रयास किया गया। यद्यपि रात्रि में सिविल लाइंस थाने द्वारा आरोपितों पर एफ आई आर दर्ज कर ली गई थी। किंतु लगातार व्यापारियों पर हो रहे हमले को लेकर आज सैकड़ों की तादाद में व्यापारी सिविल लाइंस थाने पर एकत्रित हुए। सौरभ गुप्ता कम्प्यूटर डीलर वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं तथा कई व्यापार मंडलों के साथ कई सामाजिक संस्थाओं से भी जुड़े हुए हैं।
व्यापारियों ने थाना प्रभारी से कहा कि नंदकिशोर बिहारी भवन के व्यापारियों के साथ लगातार अभद्र व्यवहार करते हैं। अब तो हाथापाई एवं गुंडों के साथ व्यापारियों पर प्रहार भी करना शुरू कर दिया है। इंस्पेक्टर ने आश्वासन दिया कि सुसंगत धाराओं में एफ आई आर दर्ज कर मुकदमा करने की कार्यवाही की जाएगी। व्यापारियों को उन्होंने आश्वस्त किया कि दोनों पीड़ित व्यापारियों का मेडिकल कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर सम्बंधित धाराओं को भी इसमें जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर प्रयाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय अरोरा, महामंत्री सोहेल अहमद, अकरम शगुन, सिविल लाईन व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील खरबंदा, महामंत्री शिवशंकर सिंह, आशीष अरोरा, राजन सिंह, पार्षद आशीष गुप्ता, महेंद्र गोयल, संदीप अग्रवाल, मनीष मल्होत्रा, विभव श्रीवास्तव, अनुपम खरे शगुन व सिविल लाईन के व्यापारियों ने मिल कर अपना विरोध दर्ज कराया है।
विद्या कान्त
