– युवा मतदाता सी विजिल एप और वीएचएफ एप का करें प्रयोग
झांसी (हि.स.)। जिले में मतदाताओं को शत प्रतिशत मतदान करने के लिए तमाम जन जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 223 झांसी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आर्य कन्या इंटर कॉलेज सीपरी बाजार में स्कूली छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं को मतदान करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर स्वीप कार्यक्रम के अन्तर्गत अपने सम्बोधन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी व उप जिलाधिकारी सदर क्षितिज द्विवेदी ने कहा कि सभी मतदाताओं को गर्व के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत एक गणतांत्रिक देश है, एक गणतांत्रिक देश में सबसे अहम होता है चुनाव और मत देना। गणतंत्र एक यज्ञ की तरह होता है, जिसमें मतों यानि वोटों की आहुति बेहद अहम मानी जाती है। यहां एक वोट भी सरकार और सत्ता बदलने के लिए काफी होता है। इसलिए मतदाताओं को बिना प्रलोभन के लोकतंत्र की मजबूती के लिए सही प्रत्याशियों को वोट देने के लिए अपने विवेक से निर्णय लेकर मतदान करना चाहिए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी को मतदान करने के लिए शपथ दिलायी। इस दौरान उन्होंने कहा कि ’’हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी आस्था रखते हुए यह शपथ लेते है कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाये रखगें तथा स्वतन्त्र, निष्पक्ष एंव शान्तिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। बालिकाओं को मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत निर्वाचन और मतदान संबंधी जानकारी दी। उन्होंने ईवीएम में कैसे अपना वोट दिया जाना है और वोट देने के बाद वीवीपैट में कैसे यह सुनिश्चित किया जाए कि जिसको हमने वोट दिया उसी को वोट पहुंचा है के विषय में संक्षिप्त जानकारी दी।
छात्राओं को सी-विज़िल एप और वीएचए एप की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सी-विज़िल एप के माध्यम से आम आदमी भी आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की जानकारी सीधे निर्वाचन आयोग को दे सकता है। इस दौरान उन्होंने ‘‘वोट देना गर्व है जनता का ये पर्व है’’ का नारा लगवाया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुमन श्रीवास्तव, मतदाता जागरूकता नोडल प्रगति शर्मा, दीपशिखा शर्मा सहित अध्यापक-अध्यापिकाएं एवं स्कूली छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
पहले मतदान उसके बाद घर का काम
स्वीप अभियान-2022 के अंतर्गत जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के आदेशानुसार अपर जिला निर्वाचन अधिकारी व अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार व नोडल अधिकारी स्वीप व अपर जिलाधिकारी न्यायिक श्रीमती श्यामलता आनंद के निर्देशन में आज वीरांगना झलकारी बाई राजकीय महिला पॉलिटेक्निक झांसी में नोडल अधिकारी स्वीप के मुख्य आतिथ्य व महिला पॉलिटेक्निक के प्राचार्य एल एस यादव की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ समाजसेवी व जीवनधारा फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ प्रदीप तिवारी के विशिष्ट आतिथ्य मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि द्वारा लगभग 300 छात्राओं को मतदान करने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि ने कहा कि सभी छात्राएं देश का भविष्य है आपके ही हाथों में देश की बागडोर है आप सभी मतदान अवश्य करें व अन्य को भी प्रेरित करें।
महेश
