Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशविकास उत्सव में आरपी घाट पर सजी प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों...

विकास उत्सव में आरपी घाट पर सजी प्रधानमंत्री मोदी के विकास कार्यों की झांकी

वाराणसी(हि.स.)। राजेन्द्र प्रसाद घाट पर मंगलवार को अलग नजारा रहा। घाट के मुक्ताकाशीय मंच पर स्वच्छता संसद की ओर से आयोजित वाराणसी विकास उत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास कार्यो की झांकी,माडल प्रदर्शनी देखने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रदर्शनी में दो दर्जन से अधिक विकास कार्यों की झांकियां लगी रहीं।

इसके पहले वाराणसी विकास उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय ने फीता काटकर किया। इस दौरान राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को विकास के पथ पर ले जाने के लिए कई सौगातें दी हैं।

प्रधानमंत्री के लगातार प्रयास से काशी निरंतर विकास की ओर आगे बढ़ रही हैं। आज उन सभी विकास कार्यों की झांकियां लगाकर स्वच्छता संसद ने जो वाराणसी विकास उत्सव मनाने का कार्य किया है, वह सराहनीय है।

स्वच्छता संसद के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विगत सात सालों में काशी में विकास की जो गंगा बहाई है। उन विकास कार्यों का दर्शन आज इस उत्सव में हम झांकियां सजाकर करा रहे हैं। इन विकास कार्यों की झांकियों को देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि काशी विगत 7 सालों में कितनी संवरी और विकसित हुई है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारी काशी विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है।

इस अवसर पर भोजपुरी गायक राकेश तिवारी ने काशी की महिमा गीत गाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और हर-हर महादेव के नारे से पूरा घाट गुंजायमान रहा। विकास उत्सव में पीएम मोदी के विकास कार्यों की झांकियों के साथ-साथ कोविड वैक्सीनेशन कैंप, आयुष्मान भारत एवं मतदाता जागरूकता कैंप भी लगाया गया। इस समारोह में कोविड वैक्सीनेशन कैंप में विशेष योगदान देने वाले 51 समाजसेवियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। संचालन अनिल केसरी ,स्वागत दीपक अग्रवाल, धन्यवाद ज्ञापन नवल खेमका ने किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular