– रंगों का पर्व होली सोमवार को मनाया जायेगा
वाराणसी (हि.स.) । धर्म नगरी काशी में फाल्गुन पूर्णिमा पर रविवार की देर शाम युवाओं ने उत्साह के साथ शहरी और ग्रामीण अंचल में होलिका दहन किया। इस दौरान युवाओं ने आतिशबाजी के साथ होलिका की राख को मस्तक पर लगाने के साथ अबीर गुलाल भी जमकर उड़ाया। होलिका दहन के साथ ही होलाष्टक की भी समाप्ति हो गई। रंगों का पर्व होली सोमवार को मनाया जायेगा।
शहर और ग्रामीण अंचल के हर गली ,मोहल्ले,टोले में देर शाम होलिका दहन की परंपरा निभायी गयी। लोगो नें अपनी सुविधा के हिसाब से चौराहों, तिराहों पर होलिका जलायी। ‘होलिका माई की जय’ और आतिशबाजी के साथ होली का हुड़दंग भी देर शाम से शुरू हुआ। होली गीतों से शहर कोना-कोना उल्लासित होता दिखा।
इसके पहले युवा होलिका दहन की तैयारी में पूरे दिन लगे रहे। अपने मोहल्ले और कालोनियों के होलिका का आकार बढ़ाने के लिए पूर्वांह 09 बजे से पूरे दिन युवा और किशोरों की टोली दुकानों,प्रतिष्ठानों के साथ घर-घर चंदा उगाहने में जुटी रही। पूरे दिन चन्दा उगाहीज़ के बाद युवा चौकाघाट लकड़ी मण्डी में पहुंचे। यहां से लकड़िया खरीदने के बाद ट्राली से होलिका स्थल पर उसे ले आये और होलिका में रख विशाल आकार दिया।
