Tuesday, April 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी में सपा, टीएमसी, कांग्रेस ने बढ़ाई चुनावी सक्रियता

वाराणसी में सपा, टीएमसी, कांग्रेस ने बढ़ाई चुनावी सक्रियता

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण में सत्तारूढ़ भाजपा के गढ़ माने जाने वाले पूर्वांचल में विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। भाजपा के गढ़ को भेदने के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी बुधवार को वाराणसी आ रही हैं। ममता बनर्जी सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ रिंगरोड ऐढ़े में जनसभा कर गठबंधन के लिए सियासी माहौल बनाएंगी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान जिस तरह ममता बनर्जी भाजपा के आक्रामक चुनावी अभियान को रोकने में सफल हुईं, सपा उनसे यही उम्मीद लगा रही है कि वह उत्तर प्रदेश में भी ऐसा करेंगी। वहीं, दशकों से अपने सियासी वजूद की तलाश में भटक रही कांग्रेस को सत्ता के गलियारे तक पहुंचाने के लिए महासचिव प्रियंका गांधी वाराणसी में गुरुवार को आ रही हैं। प्रियंका तीन से पांच मार्च तक जिले में प्रवास कर पार्टी के लिए फिजा बनाएंगी। प्रियंका रामनगर और पिंडरा में जनसभा के साथ ही रोड शो भी करेंगी। कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी उनके कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए रात-दिन एक कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री एवं कांग्रेस के सचिव राजेश तिवारी तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। प्रियंका के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट, सलमान खुर्शीद भी मौजूद रह सकते हैं। प्रियंका के रोडशो के लिए कांग्रेस ने जिला प्रशासन से अनुमति मांगी है।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular