Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : कोविड वैक्सीन के टीकाकरण का हुआ पूर्वाभ्यास, खामी उजागर

वाराणसी : कोविड वैक्सीन के टीकाकरण का हुआ पूर्वाभ्यास, खामी उजागर

महिला अस्पताल में साइकिल से पहुंचाया गया डमी वैक्सीन,सीएमओ नाराज 
वाराणसी (हि.स.)। कोविड वैक्सीन के वैक्सीनेशन के लिए मंगलवार को ड्राई रन प्रक्रिया जिले के 06 केन्द्रों पर हुई। सुबह दस बजे से सभी 06 केन्द्रों पर 25-25 लोगों पर ट्रायल किया गया। जिले के शहरी क्षेत्र में जिला महिला चिकित्सालय कबीरचौरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र-शिवपुर और लंका स्थित हेरिटेज हॉस्पिटल में बने टीकाकरण केन्द्र में पूर्वाभ्यास किया गया।
इसी तरह ग्रामीण अंचल के सेवापुरी ब्लॉक के हाथी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, काशी विद्यापीठ ब्लॉक में सीएचसी-मिसिरपुर और पिंडरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर वैक्सीन लगाने का पूर्वाभ्यास किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीबी सिंह के अनुसार चौकाघाट स्थित सीएचसी से पुलिस सुरक्षा में सुबह 9 बजे डमी वैक्सीन लेकर गाड़ी निकली। सभी केन्द्रों पर पांच-पांच कर्मचारी टीकाकरण के लिए तैनात रहे।
उधर, अफसरों के तमाम निर्देश के उलट अर्बन सीएचसी-चौकाघाट स्थित वैक्सीन स्टोर से कर्मी साइकिल से चार बॉक्स में रखे डमी वैक्सीन लेकर कबीर चौरा स्थित राजकीय महिला अस्पताल में पहुंचा तो हर कोई दंग रह गया। सोशल मीडिया में इसको लेकर अफसरों की जमकर किरकिरी हुई। मामले की जानकारी जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीबी सिंह को हुई तो उन्होंने चिकित्सा प्रभारियों को डांट लगाई और उनसे इससे संबंधित लिखित जवाब भी मांगा।
जिले के सभी केन्द्रों पर लाभार्थी भी सर्द मौसम के चलते देर से पहुंचे। प्रत्येक केंद्र पर सुपरविजन के लिए एक-एक अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी की तैनाती के बावजूद जिले में वैक्सीनेशन के ड्राई रन के दौरान केवल खानापूर्ति ही होती दिखी। पूर्वाभ्यास में डॉ. एके मौर्य सीएचसी हाथी, एसीएमओ डॉ. राजेश प्रसाद सीएचसी मिसिरपुर, एसीएमओ डॉ. एके गुप्ता पीएचसी पिंडरा, एसीएमओ डॉ. एनपी सिंह हेरिटेज हॉस्पिटल, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेश सिंह सीएचसी शिवपुर और डिप्टी सीएमओ डॉ. पुनीत कुमार जिला महिला चिकित्सालय पर सुपरविजन के लिए तैनात रहे। ड्राई रन में कोई कमी न हो इसके लिए स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों सहित स्वास्थ्यकर्मियों को कई चरणों में ट्रेंनिग भी दी गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular