Sunday, March 22, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी : कोविड काल में नागरिक सुरक्षा, रेडक्रास सोसायटी के सदस्य सहयोग...

वाराणसी : कोविड काल में नागरिक सुरक्षा, रेडक्रास सोसायटी के सदस्य सहयोग के लिए बने सक्षम – जिलाधिकारी

नेहरू युवा केंद्र और पीआरडी संगठन के वालेंटियर्स को भी कैलेंडर तैयार कराकर ट्रेनिंग होगी
वाराणसी (हि.स.)। कोविड के तीसरी संभावित लहर को देख जिला प्रशासन ने आम जन के सहयोग के लिए नागरिक सुरक्षा, रेडक्रास सोसायटी, नेहरू युवा केन्द्र तथा युवक मंगल दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों को ट्रेनिंग दिलाने का निर्देश दिया है। 
 गुरुवार को जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने इन संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अपने कैम्प कार्यालय में बैठक की। जिलाधिकारी ने कहा कि संस्था के सदस्य आम जनता का मजबूती के साथ सहयोग करने में सक्षम बनें। उन्होंने कहा कि कोविड महामारी काल के दूसरी लहर में शहरी क्षेत्रों के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की मदद के लिए वालेंटियर्स की जरूरत पड़ी। जिसमें संस्थाओं के सभी सदस्यों की सक्रिय भूमिका न होने से वालेंटियर्स की कमी महसूस की गयी। 
 उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को विभिन्न उद्देश्यों यथा कोविड की आगामी वेव, बाढ़ या अन्य प्राकृतिक आपदा तथा विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए सघन प्रशिक्षण अतिशीघ्र कराया जाये। उन्होंने सभी संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया कि वे अपने सदस्यों का संशोधित डाटा बेस तैयार करायें और उसे सुरक्षित रखें, समय-समय पर अपडेट भी किया जाय। जिलाधिकारी ने सभी संगठनों के पदाधिकारियों की जोनवार, सेक्टरवार तथा  कार्यक्षेत्र वार विवरण एक सप्ताह में तैयार करा कर उपलब्ध कराने तथा सभी सदस्यों का अलग-अलग समूह बनाकर उनके प्रशिक्षण का कैलेंडर भी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। जो वर्चुअल और फिज़िकल दोनों प्रकार के हो सकते हैं। 
 जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा,पीआरडी, नेहरू युवा केंद्र के पदाधिकारियों की फिजिकल ट्रेनिंग का कैलेंडर तैयार कर उन्हें संस्था के उद्देश्य बताये जायें और जरुरत पड़ने पर प्लान आफ ऐक्शन की जानकारी दी जाय। 
 इसी प्रकार रेडक्रास सोसायटी के पदाधिकारियों की भी मेडिकल व सोशल सेवायें देने के लिए फिज़िकली ट्रेनिंग कराने तथा सदस्यों की वर्चुअल ट्रेनिंग का कैलेंडर तैयार करा उनकी ट्रेनिंग कराने के लिए कहा। उन्होंने संस्था प्रमुखों से कहा कि सदस्यों का डाटाबेस तैयार करने,ग्रुप बनाने तथा उन्हें सूचित करते हुए तत्परता से कार्य प्रारम्भ करें तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 जून से 30 जून के बीच पूरा कराये।

RELATED ARTICLES

Most Popular