Thursday, August 27, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसी: आरएसएस के पितरकुंडा शाखा पर अराजक तत्वों ने फेंका बम

वाराणसी: आरएसएस के पितरकुंडा शाखा पर अराजक तत्वों ने फेंका बम

संयोग रहा कि नहीं हुआ विस्फोट, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

वाराणसी (हि.स.)। सिगरा थाना क्षेत्र के पितरकुंडा पोखरे के समीप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के काशी उत्तरी जिले के माताकुंड शाखा शिविर में गुरूवार को किसी अज्ञात बदमाश ने सुतली बम फेंक दिया। हमले में बम का छर्रा लगने से शाखा लगाने वाले विजय जायसवाल मामूली रूप से घायल हो गये। यह देख योगाभ्यास कर रहे स्वयंसेवकों ने तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद फोरेंसिक टीम को भी बुलाया।

चेतगंज थाना क्षेत्र के जियापुरा निवासी विजय कुमार जायसवाल प्रतिदिन की भांति पितरकुंडा पोखरा स्थित माताकुंड शाखा पर स्वयंसेवकों के साथ संघ प्रार्थना के बाद योगाभ्यास कर रहे थे। इसी दौरान पोखरे के पूर्व दिशा से किसी ने शाखा शिविर को लक्ष्य कर सुतली बम फेंका। यह देख स्वयंसेवकों में अफरा—तफरी मच गई। बम के नहीं फटने पर स्वयंसेवकोें ने साहस का परिचय देकर उसे उठाकर पोखरे में फेंक दिया। इसी दौरान फिर दूसरा बम स्वयंसेवकों को लक्ष्य कर फेंका गया। संयोग ही रहा कि ये बम भी नहीं फटा। स्वयंसेवकों ने बम को उठाकर फिर पोखरे में डाल दिया।

यह देख छुपे हमलावर ने फिर तीसरा बम उन पर फेंका जो निकट स्थित पेड़ से टकराकर विस्फोट कर गया। बम का छर्रा पास खड़े स्वयंसेवक विजय जायसवाल को भी लग गया। जायसवाल ने बिना डरे पुलिस को घटना की जानकारी दी। इसके बाद तत्काल बाल और वृद्ध स्वयंसेवकों को सुरक्षित जगह पर खड़ा किया। मौके पर आनन—फानन में चेतगंज और सिगरा थाना प्रभारी के साथ चेतगंज एसीपी भी पहुंच गये। अफसरों ने विजय जायसवाल और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ के बाद पोखरे के चारों तरफ से पड़ताल की। अफसरों के निर्देश पर सिगरा पुलिस असामाजिक तत्वों को तलाशने में जुट गई।

RELATED ARTICLES

Most Popular