Tuesday, March 31, 2026
Homeउत्तर प्रदेशवारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला,चार गिरफ्तार

वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला,चार गिरफ्तार

शाहजहांपुर (हि.स.)। खुटार थाना क्षेत्र के गांव मैनिया में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर घरवालों ने हमला बोल दिया। आरोपितों ने उपनिरीक्षक और मुख्य आरक्षी के हाथ में दांतों से काट लिया। पुलिस टीम के साथ मारपीट कर वारंटी को छुड़ा ले गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके आधार पर पुलिस ने सात लोगो को नामजद करते हुए दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर सुधीर जायसवाल ने सोमवार को बताया कि खुटार थानाक्षेत्र के गांव मैनिया निवासी रोशन सिंह के विरुद्ध न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कोर्ट नम्बर दस ने एनबीडब्लू वारंट जारी किया था। उपनिरीक्षक रामायण सिंह, महिला सिपाही अंतिमा सिंह, सिपाही रामनरेश तथा जुबैर बेग के साथ रविवार की शाम रोशन सिंह के घर एनबीडब्लू वारंट तामील कराने पहुंचे थे। रोशन सिंह भी घर पर मौजूद था।

पुलिस टीम ने उसे न्यायालय द्वारा जारी एनबीडब्लू वारंट के बारे में बताया और हिरासत में ले लिया। जैसे ही पुलिस टीम ने उसे हिरासत में लिया कि उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। वारंटी के शोर मचाने पर उसकी पत्नी परमजीत कौर उर्फ प्रेमा कौर, बेटी रमनदीप कौर, परिवार के अन्य सदस्यों व कुछ अज्ञात लोगों ने आते ही पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। इस दौरान सभी ने गाली-गलौज करते हुए वारंटी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। आरोपितों ने घटना का वीडियो बना रही महिला सिपाही अंतिमा सिंह का मोबाइल फोन छीन लिया। वारंटी की बेटी रमनदीप कौर ने उपनिरीक्षक रामायण सिंह और उसकी पत्नी परमजीत कौर ने सिपाही जुबैर बेग के हाथों में काट लिया। वारंटी रोशन सिंह को छुड़ा ले गए। हमले में अन्य पुलिस कर्मियों के भी मामूली चोटें आई है।

एसपी सिटी ने बताया की मामले में रोशन सिंह, उसकी पत्नी परमजीत कौर, बेटी रमनदीप कौर,कुलविन्दर कौर,जसविंदर कौर, परमजीत कौर पत्नी कश्मीर सिंह, भगवान सिंह व दस अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा डालने,मारपीट,गाली गलौज व जान से मारने की धमकी देने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

अमित/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular