Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेश लोकतंत्र को कमजोर करने वाले सत्याग्रह नहीं कर सकते : आदित्यनाथ

 लोकतंत्र को कमजोर करने वाले सत्याग्रह नहीं कर सकते : आदित्यनाथ

– कांग्रेस के सत्याग्रह पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कसा तंज

लखनऊ (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है। योगी ने रविवार को एक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के सत्याग्रह कार्यक्रम पर तंज कसते हुए कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने वाले सत्याग्रह नहीं कर सकते हैं। देश को भाषावाद, क्षेत्रवाद जैसे तमाम वादों में बांटने वाले भी सत्याग्रह नहीं कर सकते। मौन जीवों की बात तो दूर मनुष्य के प्रति भी जिनकी संवेदना न हो, उन्हें सत्याग्रह का अधिकार नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि गांधीजी ने अपने जीवन में सदैव सत्य, अहिंसा को स्थान दिया था। उनका इस बात के लिए आग्रह था। उनका आग्रह ही सत्याग्रह कहलाया। उन्होंने कहा कि देश के अंदर बहुत सारे लोगों को शासन करने का अवसर प्राप्त हुआ था, लेकिन मौन जीवों की बात तो दूर मनुष्य के प्रति भी जिनके अंदर भाव न हो, वे क्या सत्याग्रह करेंगे। असत्य के मार्ग पर चलने वाला सत्याग्रह की बात नहीं कर सकता। आकंठ भ्रष्टाचार में डूबे हुए लोग सत्याग्रह नहीं सकते हैं।

योगी ने कांग्रेस नेताओं को उनके आचार और व्यवहार पर आड़े हाथ लेते हुए कहा कि जिसके आचरण और व्यवहार, आचार और विचार, कथनी और करनी में फर्क होता है, वह सत्याग्रह नहीं कर सकता। अपने देश की निंदा करने वाला, भारत को कटघरे में खड़ा करने वाला और जिसमें देश के बहादुर जवानों के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान का भाव न हो, वह सत्याग्रह की बात करे तो यह बड़ी विडंबना है।

दिलीप शुक्ल

RELATED ARTICLES

Most Popular