Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलाठीचार्ज से सपाई डरने वाले नही,दमनात्मक कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब देने में...

लाठीचार्ज से सपाई डरने वाले नही,दमनात्मक कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम

वाराणसी। जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और उनकी गिरफ्तारी को लेकर पार्टी पदाधिकारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। गिरफ्तार कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए अर्दली बाजार स्थित पार्टी कार्यालय में मंगलवार को मैराथन बैठक कर नेताओं ने आगे की रणनीति तय की। बैठक में कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज की निंदा की गई। जिला प्रशासन के सौतेले व्यवहार व एक पक्षीय कार्यवाही का विरोध किया गया। 
वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि वाराणसी का जिला प्रशासन भारतीय जनता पार्टी व प्रदेश सरकार के इशारे पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रहा है। साथ ही कार्यकर्ताओं को फर्जी मुकदमों में बंद कर इनका मनोबल तोड़ने का जो कुचक्र रच रहा है। पार्टी के कार्यकर्ता इससे डरने वाले नहीं हैं। कार्यकर्ता इस दमनात्मक कार्यवाही का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। बैठक में जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड ने कहा कि पार्टी के युवा नेता व कार्यकर्ता शांतिपूर्वक जनहित के मुद्दों पर जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जा रहे थे । ऐसे में उन्हें घेरकर बर्बरता पूर्वक मारपीट कर जेल में डाल दिया गया। अब तो सरकार से जनहित के मुद्दों पर सवाल करने का मतलब आप सलाखों के पीछे डाल दिये जायेंगे। 
बैठक में पूर्व विधायक अब्दुल समद अंसारी, पूर्व राज्यमंत्री मनोज राय धूपचंडी, लोकसभा प्रत्याशी रही शालिनी यादव,आनंद मौर्य, जितेंद्र यादव, राधा कृष्ण उर्फ संजय यादव, अशफाक अहमद डब्लू आदि उपस्थित रहे। इसके पहले पूर्व मंत्री सुरेन्द्र पटेल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कचहरी में कार्यकर्ताओं की रिहाई के लिए पार्टी से जुड़े अधिवक्ताओं से मिले। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/मोहित

RELATED ARTICLES

Most Popular