Wednesday, March 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलाठीचार्ज में घायल सपा नेता मंडलीय अस्पताल से डिस्चार्ज,कार्यकर्ताओं ने किया अभिनन्दन

लाठीचार्ज में घायल सपा नेता मंडलीय अस्पताल से डिस्चार्ज,कार्यकर्ताओं ने किया अभिनन्दन

वाराणसी। जिला मुख्यालय पर उग्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठीचार्ज में घायल समाजवादी पार्टी के कार्यकताओं को मंडलीय शिवप्रसाद गुप्त अस्पताल में इलाज के बाद गुरुवार को डिस्चार्ज कर दिया गया। 
कार्यकर्ताओं की जमानत मंगलवार को ही एसीएम चतुर्थ के न्यायालय से मंजूर हो गई थी। जमानत होते ही अस्पताल से घायल कार्यकर्ता बाहर निकले तो पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार अभिनंदन किया। कार्यकर्ताओं को माला फूल से लादकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें घर तक पहुंचाया।  
बताते चले, बीते 14 सितम्बर को समाजवादी पार्टी के प्रदेश व्यापी विरोध प्रदर्शन के क्रम में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर बेरोजगारी,बेलगाम अपराध,रोजगार संकट सहित विभिन्न जन समस्याओं को लेकर उग्र प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें निषेधाज्ञा का हवाला देकर रोका तो कार्यकर्ता पुलिस अफसरों से धक्कामुक्की के साथ नोंक—झोंक करने लगे। 
इसी दौरान भीड़ में से पथराव होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर 48 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर उन्हें लालपुर स्थित अस्थाई जेल में भेज दिया। इस दौरान लाठीचार्ज में घायल कार्यकर्ता समाजवादी छात्र सभा के संदीप सिंह स्वर्णकार, लोहिया वाहिनी के राहुल सिंह यादव, काशी विद्यापीठ के छात्र नेता राहुल सोनकर आदि की हालत बिगड़ने पर उन्हें मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रदर्शन में शामिल नेताओं पर कैंट पुलिस ने मुकदमा भी पंजीकृत किया था। पार्टी के नेताओं की पहल पर अस्थाई जेल में बंद 48 कार्यकर्ताओं का जमानत स्वीकृत होने पर अस्पताल में इलाज करा रहे कार्यकर्ताओं की भी रिहाई हो गई। 
कार्यकर्ताओं का स्वागत करने वालों में पूर्व महानगर अध्यक्ष डॉक्टर ओपी सिंह, समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश के उपाध्यक्ष प्रदीप जायसवाल, अजय साहू, मनोज यादव गोलू, अवनीश यादव विक्की, जमाल अंसारी, अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश के नेता दिलशाद अहमद, इरशाद अहमद, राजेश केसरी आदि शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular