Wednesday, January 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशलखीमपुर-बस्ती में किसान संवाद से विधानसभा चुनाव का रास्ता साफ करेगी रालोद

लखीमपुर-बस्ती में किसान संवाद से विधानसभा चुनाव का रास्ता साफ करेगी रालोद

लखनऊ (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी लखीमपुर और बस्ती जिलों में किसान संवाद कार्यक्रम करने जा रहे हैं। किसान संवाद से रालोद किसानों के बीच जायेगी एवं आगामी विधानसभा चुनाव का रास्ता साफ करेगी।

रालोद के प्रदेश अध्यक्ष डॉ.मसूद, वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र नाथ सहित तमाम पदाधिकारी आजकल लखीमपुर और बस्ती में दौरा कर रहे हैं। गांवों में चौपाल लगाकर प्रदेश अध्यक्ष मसूद अपने पार्टी के किसान संवाद कार्यक्रम की जानकारी दे रहे हैं। डॉ.मसूद बता रहे हैं कि 23 फरवरी को बस्ती जिले के बखिरा रोड रुधौली में किसान संवाद कार्यक्रम होगा। इसी तरह 25 फरवरी को लखीमपुर जिले के सम्पूर्णानंद नगर में ​ये कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।    
दोनों ही कार्यक्रमों में पूर्व सांसद जयंत चौधरी बतौर मुख्य अतिथि रहेंगे। जयंत चौधरी ने बीते दिनों पश्चिम उत्तर प्रदेश में किसानों के बीच जा कर सीधा संवाद किया था। अब वह मध्य उत्तर प्रदेश होते हुए पूर्वांचल की ओर आ रहे हैं। इस तरह से रालोद पूरे प्रदेश में किसानों के माध्यम से विधानसभा चुनाव में पकड़ बनाने का प्रयास करेगी।  
रालोद के पदाधिकारियों के द्वारा गांवों में एक पत्रक भी बांटा जा रहा है, जिसमें किसानों के मुद्दों और वर्तमान समय में देश में चल रहे आन्दोलन की जानकारी लिखी हुई है। किसानों के आन्दोलन में रालोद अपनी भूमिका भी पत्रक के माध्यम से बता रहा हैं। इसके साथ ही बीज, खाद्य, पेट्रोल डीजल के बढ़े मूल्यों पर ग्रामीणों से रालोद पदाधिकारी वार्ता व चर्चा कर रहे हैं। 

RELATED ARTICLES

Most Popular