लखनऊ (हि.स.)। रेलवे प्रशासन ने लखनऊ होकर चलने वाली 15074/15073 टनकपुर-सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस और 15076/15075 टनकपुर-शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस को परिचालन संबंधी दिक्कतों की वजह से अलग-अलग तारीखों में आंशिक रूप से निरस्त कर दिया है। इससे यात्रियों की दिक्कतें बढ़ गईं हैं।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, टनकपुर से 02 से 30 मार्च तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलने वाली 15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस सिंगरौली के स्थान पर चोपन तक जाकर अपनी यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन चोपन से सिंगरौली रेलवे स्टेशन के बीच आंशिक निरस्त रहेगी। सिंगरौली से 03 से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को चलने वाली 15073 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस सिंगरौली के स्थान पर चोपन से लखनऊ की ओर चलेगी। यह ट्रेन सिंगरौली से चोपन रेलवे स्टेशन के बीच आंशिक निरस्त रहेगी।
इसी तरह से टनकपुर से 01 से 31 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को चलने वाली 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस अगले दिन चोपन में यात्रा समाप्त करेगी। यह ट्रेन चोपन से शक्तिनगर रेलवे स्टेशन के बीच आंशिक निरस्त रहेगी। शक्तिनगर से 02 मार्च से 01 अप्रैल तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार, शुक्रवार को चलने वाली 15075 शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस शक्तिनगर के स्थान पर चोपन से लखनऊ की ओर आएगी। यह ट्रेन शक्तिनगर से चोपन रेलवे स्टेशन के बीच आंशिक निरस्त रहेगी।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार का कहना है कि लखनऊ होकर अलग-अलग नम्बरों से चलने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस परिचालन संबंधी दिक्कतों की वजह से आंशिक निरस्त की गई है। इससे यात्रियों को दिक्कतें हो सकती हैं। दरअसल, त्रिवेणी एक्सप्रेस लखनऊ को सिंगरौली,अनपरा और शक्तिनगर से जोड़ने वाली एकमात्र ट्रेन है। इसके एक महीने तक चोपन तक संचालित होने से लखनऊ से जाने वाले यात्रियों को चोपन से आगे के लिए सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा।
दीपक
