लखनऊ (हि.स.)। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो गैंगवार और बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस महानिदेशक हितेश चन्द्र अवस्थी ने गुरुवार को समीक्षा बैठक बुलाई। इसमें पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर, ज्वाइंट कमिश्नर निलॉब्जा चौधरी, ज्वाइंट कमिश्नर लॉ ऐंड आर्डर नवीन अरोड़ा से उन्होंने वारदातों को लेकर जानकारी ली।
डीजीपी ने बैठक में ठाकुरगंज में प्रॉपर्टी डीलर की हत्या, विभूति खंड में सेवानिवृत अधिकारी के घर डकैती, विकास नगर में बद्री सर्राफ के मालिक पर फायरिंग की घटनाओं पर अफसरों से जवाब-तलब किया। कहा कि गैंगस्टर अजीत सिंह की हत्या के हत्यारोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाए। क्राइम इंटेलीजेंस मजबूत करें, पुलिस गश्त को बढ़ाया जाए।
अपर पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि दो घंटे तक चली इस बैठक में डीजीपी ने राजधानी में हो रही घटनाओं पर सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं। कानून-व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने के साथ ही लापरवाह पुलिसकर्मियों को हटाने के आदेश दिए हैं।
