लखनऊ (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में शुक्रवार से स्कूल खुल गए हैं, लेकिन अभी भी कई स्कूलों ने वाहनों का फिटनेस नहीं कराया है। ऐसे में परिवहन विभाग बिना फिटनेस वाले स्कूली वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाने जा रहा है। इसके लिए टीमें बनाई जा रही हैं।
लखनऊ के संभागीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ने बच्चों को लाने व छोड़ने वाले अनफिट वाहनों को सीज करने के साथ उस स्कूल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने का नोटिस दिया था। नोटिस जारी होने के सात दिनों के बाद भी करीब 709 अनफिट स्कूली वाहनों में से 159 ने ही बुधवार तक फिटनेस कराया है,जबकि अब तक करीब 550 स्कूली वाहन अनफिट हैं। फिलहाल आरटीओ के नोटिस के बाद कई स्कूलों ने वाहनों का फिटनेस कराना शुरू कर दिया है। लखनऊ पब्लिक स्कूल, जीडी गोयनका, जयपुरिया आदि स्कूलों ने वाहनों का फिटनेस कराने का टाइम स्लॉट लिया है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) अखिलेश द्विवेदी ने बताया कि प्रवर्तन इकाई शुक्रवार से जिस स्कूली वाहन को सीज करेंगे, उसकी रिपोर्ट के आधार पर शासन को संबंधित स्कूल की मान्यता निरस्त करने के लिए पत्र लिखेंगे। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों को बिना फिटनेस के चलाना स्कूल प्रबंधन द्वारा शासन के सुरक्षा संबंधी मानकों का उल्लंघन है।
लखनऊ परिक्षेत्र के उप-परिवहन आयुक्त निर्मल प्रसाद ने कहा कि स्कूली वाहनों के खिलाफ बड़ा चेकिंग अभियान चलेगा। इसमें जो स्कूली वाहन अनफिट पाए जाएंगे,उसे सीज कर दिया जाएगा। साथ ही संबंधित थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।
दीपक
