लखनऊ (हि.स.)। लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया ने गुरुवार को पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र में 10 करोड़ 59 लाख 50 हज़ार रुपये से 62 सड़कों के सुधार कार्यों सहित अन्य विकास कार्यों का लोर्कापण किया। इस मौके पर महापौर संयुक्ता भाटिया ने बताया कि लखनऊ में 93 करोड़ 50 लाख रुपये के 467 कामों का जनता की सेवा में समर्पित कर नगर निगम ने कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस मौके पर महापौर ने कहा कि लखनऊ के सभी विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण हो चुका है। लखनऊ स्वच्छ , सुंदर और सुरक्षित लखनऊ की ओर अग्रसर है। स्वच्छता में हमने कई आयाम स्थापित किए हैं। सड़क पर 120 खुले कूड़ाघरों को समाप्त कर वहां सुंदर फुलवारी विकसित की गई है। 10 हज़ार खाली पड़े प्लॉटों से कूड़ा हटवाया गया है।
महापौर ने कहा कि मोदी योगी के नेतृत्व में देश में और प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। उनके कुशल नेतृत्व में ही कार्य करते हुए पिछले चार वर्षों में नगर निगम ने लखनऊ शहर में विकास का एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के शिलान्यास कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त अभय पांडेय, उपाध्यक्ष रजनीश गुप्ता, भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, भाजपा स्थानीय निकाय प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अतुल दीक्षित, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अश्वनी श्रीवास्तव, राम शंकर राजपूत, पार्षदगण शिवपाल सवारियां, राजेश मालवीय व राजेन्द्र कुमार प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
बृजनन्दन
