लखनऊ(हि.स.)। हुसैनाबाद क्षेत्र स्थित गोदाड शाह बनी मजार पर अज्ञात कारणों से आग लग गई। उड़ता हुआ धुआं देख नगर निगम के सुपरवाइजर ने फायर ब्रिगेड सर्विस चौक को सूचना दी। मौके पर आये फायर वाहन ने स्थिति नियंत्रित की।
चौक फायर सर्विस स्टेशन के इंचार्ज आर के यादव ने बताया कि मजार पर आग लगने की सूचना मिलते ही वाहन रवाना किया गया। मौके पर उड़ती हुई आग की लपटों को आधे घंटे में शांत कराया गया। घटनास्थल पर किसी भी प्रकार की जान माल की हानि सामने नहीं आई थी।
मजार से जुड़े लोगों ने बताया कि मुस्लिम वर्ग में मजार को लेकर विश्वास और आस्था है। घटना की सूचना मिलने पर उन लोगों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है।
फायर सर्विस को सूचना देने वाले नगर निगम जोन 6 के सुपरवाइजर राहुल वाल्मीकि ने बताया कि मजार के पास एकत्रित कूड़े के ढेर में आग लगी मालूम पड़ती है, जिससे मजार की सामग्री और ऊपर की छत आग के चपेट में आ गयी। सूचना देते ही फायर वाहन ने आकर आग पर काबू पा लिया।
शरद
