लखनऊ(हि.स.)। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर जंक्शन से दिल्ली, मुम्बई और दक्षिण भारत की तरफ जाने वाली करीब 16 ट्रेनों को लखनऊ जंक्शन की बजाय ऐशबाग से बाईपास कर चला रहा है। इससे गंतव्य तक पहुंचने में करीब ढाई घंटे तक समय की बचत हो रही है। इस नई व्यवस्था से चारबाग में यात्रियों की भीड़ कम हो गई है।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस समय कटिहार-अमृतसर आम्रपाली एक्सप्रेस, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस, सहरसा-नई दिल्ली क्लोन एक्सप्रेस, दरभंगा-नई दिल्ली सम्पर्कक्रांति एक्सप्रेस, गोरखपुर- हैदराबाद एक्सप्रेस, गोरखपुर-एर्णाकुलम एक्सप्रेस, छपरा-मथुरा एक्सप्रेस, बरौनी-एर्णाकुलम राप्तीसागर एक्सप्रेस, गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस, सहरसा-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस, गोरखपुर-आनंद विहार हमसफर एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, गोरखपुर-मैलानी एक्सप्रेस और कुशीनगर एक्सप्रेस का संचालन लखनऊ जंक्शन की बजाय ऐशबाग स्टेशन से होकर किया जा रहा है। इस नई व्यवस्था से गंतव्य तक पहुंचने में करीब ढाई घंटे तक की समय की बचत हो रही है। साथ ही चारबाग में यात्रियों की भीड़ कम हो गई है।
लखनऊ मंडल के एक वरिष्ठ रेलवे अधिकारी ने शनिवार को बताया कि उपरोक्त ट्रेनें पहले ऐशबाग स्टेशन से लखनऊ जंक्शन होते हुए मानक नगर स्टेशन की ओर से आगे जाती थीं। इसमें काफी समय बर्बाद होता है, इसलिए ऐशबाग से मानक नगर तक लाइन बिछाकर ट्रेनें सीधे कानपुर और दिल्ली के रूट पर संचालित की जा रही हैं। इससे लखनऊ जंक्शन पर इंजन बदलने में लगने वाला समय बच रहा है। साथ ही चारबाग क्षेत्र में यात्रियों की भीड़ का दबाव भी कम हुआ है।
उन्होंने बताया कि ऐशबाग में ट्रेनों का दबाव कम होने से यात्री आसानी से ट्रेनों में चढ़ और उतर जा रहे हैं। ऐसे में ऐशबाग स्टेशन पर गोरखपुर की प्रमुख ट्रेनों का आना और यहीं से मानकनगर होते हुए कानपुर की तरफ निकल जाना यात्रियों के लिए सुविधा जनक साबित हो रहा है।
दीपक
