– विधानभवन के सामने दो युवकों ने किया था आत्मदाह का प्रयास
– मोहनलालगंज पुलिस पर लगाया था उत्पीड़न का आरोप
लखनऊ (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट ने मंगलवार को मोहनलालगंज थाना प्रभारी महेश कुमार दुबे को लाइन हाजिर कर दिया है। अचानक उनके लाइन हाजिर को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। ऐसी चर्चा है कि लाइन हाजिर होने से कुछ देर पहले ठेकेदार ने साथी संग विधानभवन के सामने आत्मदाह का प्रयास किया था। उसने आरोप लगाया था कि मोहनलालगंज पुलिस ने उसके पोकलैंड और डंपर को छोड़ने की एवज में रुपये मांगे हैं।
पुलिस कमिश्नरेट ने मंगलवार दोपहर को मोहनालालगंज थाना प्रभारी महेश कुमार दुबे को लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह पर अपराध शाखा में तैनात अखिलेश कुमार मिश्रा को मोहनलालगंज थाने का नया थाना प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा राजेश कुमार मिश्रा को भी लाइन हाजिर किया है। मोहनलालगंज थाना प्रभारी महेश दुबे के लाइन हाजिर होने को लेकर ऐसी चर्चा है कि विधानभवन के सामने ठेकेदार ने साथी संग आत्मदाह का प्रयास किया था। दोनों को पुलिस ने इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित ठेकेदार ने मोहनलालगंज पुलिस पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। इसके चलते मोहनलालगंज थाना प्रभारी पर कार्रवाई की है।
दीपक
