लखनऊ(हि.स.)। उत्तर प्रदेश में स्थानीय प्राधिकरण क्षेत्रों के विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में भाजपा के लखनऊ-उन्नाव क्षेत्र के प्रत्याशी रामचंद्र प्रधान ने नामांकन किया। उनके समर्थन में लखनऊ में निवास करने वाले तमाम जनप्रतिनिधि और भाजपा संगठन के पदाधिकारी भी नामांकन स्थल तक पहुंचें।
भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र प्रधान के नामांकन के लिए कैसरबाग स्थित महानगर कार्यालय के सामने एक कार्यक्रम रखा गया था। सुबह 10 बजे से ही भाजपा के कार्यकर्ताओं का विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचना शुरु हुआ। इस दौरान लखनऊ पूर्व के विधायक आशुतोष टण्डन सबसे पहले नामांकन के लिए तय कार्यक्रम में पहुंचें। इसके बाद लखनऊ उत्तर के विधायक नीरज बोरा, सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह भी पहुंच गये।
कुछ क्षणों के बाद माहौल में राम को लाये हैं, भगवा रंग चढ़ने लगा है, जैसे गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजामान हो गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता डा. दिनेश शर्मा, विधायक ब्रजेश पाठक, महापौर संयुक्ता भाटिया, महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा, युवा नेता नीरज सिंह, महानगर महामंत्री पुष्कर शुक्ला सहित महानगर कार्यकारिणी नामांकन में शामिल हुए तो कार्यकर्ताओं का जोश सातवें आसमान पर पहुंच गया।
नामांकन के वाहन पर चढ़कर भाजपा प्रत्याशी रामचंद्र नामांकन करने निकले। कैसरबाग चौराहे से होते हुए कलेक्ट्रेट को वाहन आगे बढ़ा तो सड़क पर पांव रखने की जगह तक नहीं बची थी। भाजपा प्रत्याशी ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नामांकन किया।
शरद
