Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशरैपिड रेल प्रोजेक्ट: कॉरिडोर के लिए आनंद विहार, दिल्ली में सुरंग...

रैपिड रेल प्रोजेक्ट: कॉरिडोर के लिए आनंद विहार, दिल्ली में सुरंग बनाने के लिए लॉन्चिंग शाफ्ट का निर्माण शुरू

– किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को निकाला जा सकेगा सुरक्षित 
गाजियाबाद (हि.स.)। रैपिड रेल के एमसीआरटीसी कॉरिडोर के लिए दिल्ली के आनंद विहार में रविवार को टनलिंग या सुरंग बनाने के कार्य के लिए लॉन्चिंग शाफ्ट का निर्माण कार्य शुरू हो गया। इसके लिए लगभग 20 मीटर गहरे और 05 मीटर चौड़े आकार के पहले डायफ्राम वॉल (डी-वॉल) पैनल रीन्फ़ोरसमेन्ट केज को भूमिगत उतार कर कंक्रीट द्वारा फिक्स कर लिया गया। इसके साथ ही आरआरटीएस के लिए भूमिगत खंड का निर्माण अगले चरण में प्रवेश कर गया है। किसी भी आपात स्थिति के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरंगों के दोनों किनारों को जोड़ने वाले इस बड़े खंड के बीच एक वायु संचार या एयर वेंटिलेशन शाफ्ट का निर्माण किया जाएगा। 
एमसीआरटीसी के मुख्य प्रवक्ता पुनीत वत्स ने रविवार को बताया कि यह डी-वॉल भूमिगत हिस्से में मिट्टी की खुदाई करते समय ढाल या फ्रेम के रूप में कार्य करता है। जिससे मिट्टी के गिरने की संभावना कम हो जाती है, साथ ही यह पानी के रिसाव को भी रोकता है। बताया कि यह लॉन्चिंग शाफ्ट 20 मीटर लंबा और 16 मीटर चौड़ा आनंद विहार भूमिगत आरआरटीएस स्टेशन के दक्षिण दिशा की ओर स्थित है। 
आनंद विहार से सराय काले खां की ओर आरआरटीएस के जुड़वां सुरंगों की खोदाई करने के लिए इस शाफ्ट में दो टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) को उतारा जाएगा। वत्स ने बताया कि दोनों टीबीएम मशीनों द्वारा लगभग 03 किलोमीटर की सुरंग बनाई जाएगी। यह देश में उपलब्ध मेट्रो प्रणालियों में से किन्हीं दो स्टेशनों के बीच सबसे लंबा सुरंग का खंड होगा। इसके साथ ही, आनंद विहार से मेरठ की ओर 02 किलोमीटर से अधिक लंबाई की जुड़वां सुरंगों के निर्माण कार्य के लिए आनंद विहार स्टेशन के उत्तरी दिशा में सुरंग लॉन्चिंग शाफ्ट का निर्माण जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एमसीआरटीसी टीम निर्माण गतिविधियों और सप्लाई चेन पर कोरोना की दूसरी लहर के प्रभाव और प्रतिबंधों के कारण खोए हुए समय की भरपाई करने का हर संभव प्रयास कर रही है। 

RELATED ARTICLES

Most Popular