प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे, मण्डल रेल प्रबंधक तथा केंद्रीय रेल विद्युतीकरण संगठन प्रयागराज में मंगलवार को सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्घाटन महाप्रबंधक ने दीप प्रज्वज्लित कर किया। इस अवसर पर संगठन के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा सत्यनिष्ठा शपथ ली गई।
कोर के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमिताभ शर्मा ने बताया कि दो नवम्बर तक सप्ताह भर चलने वाले सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान वाक प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, क्विज प्रतियोगिता तथा सतर्कता जागरूकता की दृष्टि से सेमिनार जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्री शर्मा ने बताया कि सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन स्वतंत्र भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष इस सप्ताह के दौरान किया जाता है। जिसके तहत महाप्रबंधक यशपाल सिंह ने उद्घाटन किया और कर्मचारियों एवं अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलायी।
उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के रेलकर्मियों को महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कहा कि भ्रष्टाचार, पक्षपात और भाई-भतीजावाद की प्रवृत्ति को समाप्त करने के लिए सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जाता है। राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर के 1.3 मिलियन कर्मचारियों के बीच नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए सम्पूर्ण भारतीय रेल में इस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है।
सिस्टम में सुधार लाने और ऑडिट के माध्यम से अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे पर जिन गतिविधियों को चिह्नित किया गया है, उनमें रेल भूमि का प्रबंधन, अतिक्रमण सम्बंधी मुद्दे आदि रेलवे आवास के आवंटन एवं अन्य मुद्दों में पारदर्शिता और आईटी का उपयोग; रेलवे में आउटसोर्स सेवाओं में काम करने वाले व्यक्तियों को उचित भुगतान और अन्य लाभों को लागू करना, संपत्ति, प्लांटों और मशीनरी आदि का निष्पक्ष और पारदर्शी प्रबंधन आदि शामिल है। महाप्रबंधक ने उत्तर मध्य और उत्तर रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाने के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारम्भ किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस शपथ ग्रहण समारोह में वरिष्ठ उप महाप्रबंधक और मुख्य सतर्कता अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे नवीन कुमार सिन्हा, सभी विभागों के प्रमुख विभागाध्यक्ष, सभी मण्डलों के मण्डल रेल प्रबंधक और उत्तर मध्य रेलवे और उत्तर रेलवे के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।
इसी क्रम में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में सतर्कता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। मंडल रेल प्रबंधक मोहित चंद्रा ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ईमानदारी एवं सत्य निष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होने कहा कि प्रत्येक नागरिक को सतर्क होना चाहिए तथा उसे सदैव ईमानदारी एवं सत्य निष्ठा के उच्चतम मानकों के प्रति वचनबद्ध होना चाहिए। उन्होने मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारियों से आवाहन किया कि वे प्रतिज्ञा करे कि वे जीवन के सभी क्षेत्रों मे ईमानदारी तथा कानून के नियमों का पालन करेंगे तथा सभी कार्य ईमानदारी तथा पारदर्शिता की रीति से करेंगे।
