Tuesday, April 14, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीयरूसी सेनाओं की वापसी: खेरसॉन में लहरा रहे यूक्रेन के झंडे, लोग...

रूसी सेनाओं की वापसी: खेरसॉन में लहरा रहे यूक्रेन के झंडे, लोग गा रहे राष्ट्रगान

कीव (हि.स.)। रूसी हमले के साढ़े आठ महीने बाद यूक्रेन के खेरसान से रूसी सेनाओं की वापसी पर लोग जश्न मना रहे हैं। खेरसान में जगह-जगह यूक्रेन के झंडे लहराकर लोग यूक्रेनी राष्ट्रगान गाकर जश्न मना रहे हैं।

इस वर्ष 24 फरवरी को रूसी सेनाओं ने यूक्रेन पर हमला किया था। इसके बाद रूस ने दक्षिण यूक्रेन के खेरसान पर कब्जा कर लिया था। खेरसान को यूक्रेन के लिए रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण शहर माना जाता है। हाल ही में रूसी रक्षा मंत्री सर्गेई शोईगु ने अपनी सेना को खेरसान के पास दनीप्रो नदी के पश्चिमी तट से पीछे हटने के आदेश दिए थे। खेरसान से रूसी सेनाएं हटने के बाद यूक्रेन भले ही सधी हुई प्रतिक्रिया दे रहा है, किन्तु खेरसान के लोग जश्न के माहौल में दिखाई दे रहे हैं।

खेरसान के प्रशासनिक मुख्यालय पर यूक्रेन का राष्ट्रीय ध्वज लहरा दिया गया है। यूक्रेन के ध्वज के साथ ही यूक्रेन की सेना का झंडा भी वहां लहराया गया है। इसके अलावा अस्पतालों, विद्यालयों, चौराहों सहित सार्वजनिक स्थलों पर लोग यूक्रेन का झंडा लहरा रहे हैं। सोशल मीडिया पर खेरसान के स्टानयस्लाव क्षेत्र की एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में खेरसान के स्थानीय निवासी यूक्रेन का झंडा लहराने के बाद यूक्रेन का राष्ट्रगान गा रहे हैं। 21 सेकंड की इस वीडियो क्लिप में जैसे ही एक व्यक्ति यूक्रेन का झंडा लहराता है, तो लोग खुशी से झूम उठते हैं। तालियां बजने लगती हैं और फिर लोग यूक्रेन का राष्ट्रगान गाने लगते हैं।

संजीव मिश्र

RELATED ARTICLES

Most Popular