बागपत(हि.स.)। जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के बिजरौल गांव में अनुमति के बिना जनसभा करने और कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन करने पर बुधवार को कोतवाली बड़ौत पर विधानसभा बड़ौत के रालोद उम्मीदवार जयवीर सिंह तोमर व पूर्व विधायक अजय तोमर समेत 250 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ।
कोतवाली बड़ौत के उप निरीक्षक विपिन कुमार ने मुकदमा दर्ज कराया कि बिजरौल गांव में मंगलवार को विधानसभा चुनाव के रालोद उम्मीदवार जयवीर सिंह तोमर ने अपने ही बिजरौल गांव में रामवीर पुत्र राज सिंह के नलकूप पर विधानसभा चुनाव के संबंध में एक जनसभा आयोजित की थी, जिसमें रामवीर पुत्र राज सिंह निवासी बिजरौल, पूर्व विधायक अजय तोमर निवासी फतेहपुर पुट्ठी थाना बिनौली, इरफान मलिक सभासद बड़ौत, बिलाल निवासी बड़ौत, रालोद नेता सुखबीर सिंह गठीना, विपिन समेत लगभग ढाई सौ लोगों ने भाग लिया था।
इस जनसभा के संबंध में संबंधित लोगों ने पुलिस प्रशासन से अनुमति नहीं ली थी। जनसभा के दौरान आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन व कोविड-19 गाइडलाइन का उल्लंघन किया गया। सभा के फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे है। पुलिस ने संज्ञान लेते हुए विधानसभा बड़ौत के रालोद उम्मीदवार व पूर्व विधायक समेत 250 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस संबंध में कोतवाली बड़ौत इंस्पेक्टर एमएस गिल ने बताया कि उपरोक्त मामले में जयवीर सिंह तोमर विधानसभा बड़ौत उम्मीदवार, पूर्व विधायक अजय तोमर, इरफान मलिक सभासद, बिलाल, सुखबीर सिंह, विपिन आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
गौरव कुमार
