रायबरेली (हि. स.)। सेना के जवान पर नाबालिग लड़की से जबरन शारीरिक संबंध बनाकर ब्लैकमेल करने का गंभीर मामला सामने आया है। थाने में पीड़िता की न सुने जाने पर मंगलवार वह परिवार सहित पुलिस अधीक्षक के पास पहुंची और अपनी आप बीती सुनाई। शिकायत की गंभीरता देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि जल्द ही एफआईआर दर्ज करके जांच की जाएगी।
घटना गदागंज थाना क्षेत्र के एक गांव की है। पीड़िता के परिजनों ने बताया कि हमारी लड़की 17 साल की थी और हमने आर्मी में तैनात आशीष के साथ अपनी लड़की की शादी तय की थी। लेकिन हमारी लड़की की आयु कम होने के कारण हम शादी की केवल बात ही चला रहे थे और लड़की की आयु 18 वर्ष होने पर शादी करने की बात लड़के वालों से कही गई थी। आरोप है कि इसी बीच सेना में तैनात आशीष लगातार छह महीनों से लड़की के यहां आने-जाने लगा और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बना लिया और यह धमकी दिया कि अपने घर वालों को बताओगी तो तुम्हारा वीडियो मैं वायरल कर दूंगा, जिससे लड़की भयभीत हो गई। लेकिन लड़की ने हार नहीं मानी और किसी तरह अपने घर वालों से अपनी आप बीती बताई।
इसके बाद घरवाले पीड़िता को लेकर गदागंज थाने पहुंचे। शिकायत करने के बावजूद थाने में नाबालिग लड़की की कोई सुनवाई नही हुई,जिसके बाद लड़की के साथ उसका पूरा परिवार पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गया। जहां पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
