– सरकार विपक्षी सदस्यों के निलंबन पर चर्चा को तैयार
नई दिल्ली (हि.स.)। राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने मंगलवार को सभापति पर लगाये गये विपक्ष के आरोपों की निंदा की। उन्होंने कहा कि 12 विपक्षी सदस्यों के निलंबन के विषय पर सरकार बातचीत के लिये तैयार है। किंतु इसको लेकर सदन के सभापति पर विपक्ष द्वारा जो आरोप लगाये गये हैं वो बेबुनियाद हैं।
शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन भोजनावकाश के बाद उपसभापति हरिवंश ने सदन की कार्यवाही शुरु की। सदन के नेता गोयल ने कार्यवाही के दौरान कहा कि 12 विपक्षी सदस्यों के निलंबन का फैसला सदन का है। इसको लेकर विपक्षी सदस्यों द्वारा सभापति पर निराधार आरोप लगाये गये हैं ये ठीक नहीं है।
कहा कि सरकार विपक्ष का साथ चाहती है, किंतु इसके लिए निलंबित सदस्यों को माफी मांगनी होगी और सदन के शांतिपूर्ण ढंग से संचालन में सहयोग का आश्वासन देना होगा। उन्होंने कहा कि सरकार निलंबित सदस्यों के मुद्दे पर चर्चा के लिये तैयार है।
