-पंजाब में 92 सीट जीतने का मिलेगा लाभ
17 मार्च को विधानसभा का सत्र
चंडीगढ़ (हि.स.)। पंजाब में 92 सीट जीतकर इतिहास रचने वाली आम आदमी पार्टी अब पंजाब के रास्ते राज्यसभा में मजबूत होगी। राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाली वोटिंग के मद्देनजर नई सरकार ने 17 मार्च को विधानसभा का सत्र बुला लिया है। इस सत्र में सभी नए विधायकों को शपथ दिलवाई जाएगी।
पंजाब से चुने गए राज्यसभा सदस्य सुखदेव सिंह ढींडसा, प्रताप सिंह बाजवा, श्वेत मलिक, नरेश गुजराल और शमशेर सिंह दूलो का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त होगा। राज्य में सोमवार से नए सदस्यों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नामांकन पत्र भरने की अंतिम तारीख 21 मार्च है।
विधानसभा में सदस्यों की संख्या के लिहाज से सभी सीटें आम आदमी पार्टी के पास जानी तय हैं। हालांकि एक दल के सदस्य होने के नाते मतदान की नौबत नहीं आएगी और सभी सदस्यों के निर्विरोध चुने जाने की उम्मीद है। इसके बावजूद नई सरकार कोई जोखिम नहीं लेना चाहती है। इसलिए 17 मार्च को सभी नए सदस्यों को शपथ दिलवाई जाएगी। हो सकता है स्पीकर भी चुन लिया जाए।
नामांकन पत्र वापस लेने की आखिरी तारीख 24 मार्च है। अगर जरूरत पड़ी तो 31 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग के बाद उसी दिन चुनाव परिणाम का ऐलान किया जाएगा।
संजीव/मुकुंद
